छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल आज युवाओं से करेंगे मुलाकात, 800 से अधिक युवा कार्यक्रम में होंगे शामिल
Chhattisgarh CM Bhupesh Baghel: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यानी 23 जुलाई को युवाओं से भेंट-मुलाकात करेंगे। युवाओं से ये भेंट मुलाकात कार्यक्रम संभाग स्तरीय होगा। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम से करेंगे। इस कार्यक्रम में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 8 सौ से अधिक युवा शामिल होंगे।
सीएम बघेल संभाग के पांच जिलों से आए महाविद्यालय के छात्र - छात्राओं, मितान क्लब के सदस्यों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से बातचीत करेंगे। सीएम बघेल के इस कार्यक्रम को प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात अभियान का ही विस्तार माना जा रहा है।

इसके पहले मुख्यमंत्री बघेल ने प्रदेश के सभी शहरी और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में नागरिकों से मुलाकात की थी और उनकी समस्याएं जानी थीं। इस दौरान सीएम ने लोगों से शासकीय योजनाओं का फीडबैक भी लिया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए युवाओं के पहुंचने का सिससिला जारी है। साथ ही, सुरक्षा के लिए कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
सीएम युवाओं से लेंगे सुझाव
अब सीएम बघेल युवाओं से भेंट-मुलाकात के इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ में विकास के मुद्दों, युवाओं के लिए संचालित योजनाओं और उनकी उपलब्धियों और आकांक्षाओं पर बात करेंगे। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से मेरे सपनों का नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने के लिए युवाओं का सुझाव भी लेंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से मिले सुझावों को नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने के लिए तैयार की जाने वाली योजनाएं बनाने में भी शामिल किया जाएगा। युवा इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से सीधे प्रश्न भी पूछ सकेंगे और उनके जवाब भी पा सकेंगे। रायपुर संभाग के बाद छत्तीसगढ़ के अन्य संभागों में भी सीएम भूपेश बघेल का युवाओं से भेंट-मुलाकात का कार्यक्रम होगा।
इस युवा भेंट-मुलाकात के जरिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल युवाओं को छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा मिल रही सुविधा और परेशानियों के बारे में चर्चा करेंगे। इसके साथ ही वो युवाओं की समस्या का समाधान भी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications