राहुल गांधी पर बरसी बीआरएस, कहा, 'भाजपा के खिलाफ खड़े दलों में BRS सबसे आगे'
तेलंगाना में सरकार चला रही बीआरएस ने सोमवार को कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। बीआरएस संसदीय दल ने कहा कि दिल्ली के बाहरी इलाके में जब किसानों का विरोध प्रदर्शन चल रहा था तो उसके समर्थन में देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस लोगों की भीड़ तक नहीं जुटा सकी।
इसके अलावा बीआरएस सांसदों ने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम के तहत किए गए वादों को लागू करने के मामले में भी कांग्रेस पार्टी के प्रयासों पर सवाल उठाया।

तेलंगाना भवन में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए, बीआरएस संसदीय दल के नेता के. केशव राव ने तेलंगाना में राहुल गांधी के दिए गए बयानों को लेकर भी पलटवार किया। उन्होंने याद दिलाया कि बीआरएस ने संसद में विवादास्पद कृषि विधेयक का विरोध किया और सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर इसका बहिष्कार किया, जिसके परिणामस्वरूप केंद्र सरकार को इस विधेयक को वापस लेना पड़ा।
उन्होंने आगे कहा कि यह सुनना वाकई एक मजाक लगता है कि राहुल गांधी कह रहे हैं कि बीआरएस ने उस विधेयक का समर्थन किया था। केशव राव ने राहुल गांधी को झूठे आरोप लगाने पर घेरते हुए कहा कि किसी अन्य राजनीतिक दल ने राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ बीआरएस जितना संघर्ष नहीं किया है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के खिलाफ खड़े दलों में बीआरएस सबसे आगे है। उन्होंने भाजपा विरोधी गठबंधन पर राहुल गांधी के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि उनमें ऐसे गठबंधन का नेतृत्व करने के गुणों की कमी है।












Click it and Unblock the Notifications