चौतरफा घिर रहे चन्नी: अब बिक्रम मजीठिया ने लगाए आरोप, चमकौर साहिब में चन्नी की शह पर हो रही अवैध माइनिंग
चंडीगढ़। पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी के रिश्तेदारों पर ईडी रेड के बीच पंजाब में सियासत गरमाई हुई है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के बाद शिअद नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम मजीठिया ने शनिवार को रेत माफिया मामले में सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पर गंभीर आरोप लगाए। चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मजीठिया ने दावा किया कि चमकौर साहिब में सीएम चन्नी की शह पर ही अवैध माइनिंग हो रही है। मजीठिया के खिलाफ हाल ही में ड्रग्स मामले में एक और मुकदमा चन्नी सरकार ने दर्ज कराया है। हालांकि उन्हें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से अंतरिम जमानत मिली हुई है।

केजरीवाल ने कहा, चन्नी के भतीजे के घर से करोड़ों रुपये मिलने के बाद हैरान है पंजाब
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड को लेकर आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर सीधा हमला बोल दिया है। केजरीवाल ने कहा है कि मुख्यमंत्री चन्नी अपनी चमकौर साहिब की सीट से चुनाव हार जाएंगे। ईडी की रेड में चन्नी के भतीजे के घर से करोड़ों रुपये मिलने के बाद पंजाब के लोग हैरान हैं।
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ईडी रेड को लेकर ही मुख्यमंत्री को बेईमान आदमी कह चुके हैं। इसको लेकर आप और कांग्रेस नेताओं में सियासी घमासान मचा हुआ है। शुक्रवार को ट्वीट कर अरविंद केजरीवाल ने फिर मुख्यमंत्री चन्नी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सर्वे में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी चमकौर साहिब सीट से हार जाएंगे। पंजाब के लोग ईडी अधिकारियों की ओर से नोटों के बंडलों की गिनती करते हुए देखकर हैरान हैं।
ईडी द्वारा चन्नी के भतीजे समेत कई जगहों पर छापे मारने के बाद से आम आदमी पार्टी चन्नी को निशाना बना रही है। इससे पहले केजरीवाल ने बुधवार को कहा था कि चन्नी एक आम आदमी नहीं बल्कि एक बेईमान आदमी हैं। आप संयोजक लगातार अपनी टिप्पणी के जरिये चन्नी की आम आदमी की छवि को निशाना बनाने की कोशिश रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications