पंजाब: राज्यपाल ने रद्द किया विशेष सत्र, सीएम मान और केजरीवाल ने साधा बीजेपी पर निशाना
चंडीगढ़: पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने विधानसभा के विशेष सत्र को बुलाने का आदेश वापस ले लिया है। पंजाब के राज्यपाल की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि ऐसा करने के लिए "विशिष्ट नियमों की अनुपस्थिति" के कारण पंजाब सरकार द्वारा विश्वास प्रस्ताव के लिए बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र का आदेश वापस ले लिया है।

राज्यपाल के इस आदेश पर सीएम भगवंत मान ने कहा कि, "राज्यपाल द्वारा विधानसभा ना चलने देना देश के लोकतंत्र पर बड़े सवाल पैदा करता है। अब लोकतंत्र को करोड़ों लोगों द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधि चलाएंगे या केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त किया हुआ एक व्यक्ति। एक तरफ भीमराव जी का संविधान और दूसरी तरफ ऑपरेशन लोटस, जनता सब देख रही है।"
अरविंद केजरीवाल ने भी किया ट्वीट
पंजाब के राज्यपाल के इस आदेश पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि, "राज्यपाल कैबिनेट द्वारा बुलाए सत्र को कैसे मना कर सकते हैं? फिर तो जनतंत्र खत्म है। दो दिन पहले राज्यपाल ने सत्र की इजाजत दी। जब ऑपरेशन लोटस फेल होता लगा और संख्या पूरी नहीं हुई तो ऊपर से फोन आया कि इजाजत वापिस ले लो। आज देश में एक तरफ संविधान है और दूसरी तरफ ऑपरेशन लोटस।"
पंजाब सरकार ने इसलिए बुलाया था विशेष सत्र
पंजाब कैबिनेट ने विश्वास प्रस्ताव लाने के लिए 22 सितंबर को विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाने को मंजूरी दी थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में ये निर्णय लिया गया था। सीएम मान ने इससे पहले सोमवार को घोषणा की थी कि विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाया जाएगा। आप ने भारतीय जनता पार्टी पर पंजाब में सरकार को गिराने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications