केजरीवाल ने शुरू किया सुनहरा पंजाब अभियान, 'पंजाबनीति' का दिया नारा
नई दिल्ली, 18 दिसंबर: आम आदमी पार्टी ने मिशन 2022 के लिए अपना चुनावी अभियान नवां और सुनहरा पंजाब शुरू किया। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को वीडियो जारी कर अपने इस नए अभियान की घोषणा की। केजरीवाल ने पंजाब के लोगों से राज्य की तरक्की व खुशहाली के लिए इस मिशन में साथ आने का आह्वान किया एवं अभियान से जुड़ने के लिए मिस्ड कॉल नंबर 7070 23 7070 भी जारी किया।

पंजाब के लोगों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है। पंजाबी बहुत अच्छे और मेहनती इंसान होते हैं। फिर भी राज्य की हालत बेहद खराब है। पिछली सरकारों की भ्रष्ट नीतियों के कारण आज पंजाब के नौजवानों के पास नौकरी नहीं है। शिक्षा और नौकरी की तलाश में लाखों नौजवान विदेश चले गए।
लाखों नौजवान नशे में डूब गए। पारंपरिक पार्टियों के नेताओं ने मिलकर पंजाब को लूटा और बर्बाद किया। पंजाब को अब सिर्फ पंजाब के लोग ही बदल सकते हैं। केजरीवाल ने जोर देकर कहा कि पंजाब की खुशहाली के लिए हमें गंदी राजनीति को जड़ से खत्म करना होगा और पंजाब व पंजाब के लोगों के हित के लिए काम की राजनीति को बढ़ावा देना होगा।
पंजाब नीति का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि राजनीति बहुत हो गई, अब हमें राजनीति छोड़ पंजाबनीति करनी है। केजरीवाल ने पंजाब के लोगों से इस मिशन में जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब की खुशहाली और तरक्की के लिए हम आज अपना मिशन नवां और सुनहरा पंजाब शुरू कर रहे हैं।
यह मिशन पंजाब की तरक्की में सहयोग करेगा और जाति, धर्म व लिंग से ऊपर उठकर तीन करोड़ पंजाबियों को आपस में जोड़ेगा। हम इस मिशन से सभी पंजाबियों को जोड़ेंगे चाहे वे किसी भी धर्म से हों, किसी भी जाति के हों। स्त्री हों या पुरुष, नौजवान हों या बूढ़े। सबको साथ जोड़कर पंजाब में भाईचारा और अमन-शांति कायम करेंगे। इस मिशन से हम मिलकर पंजाब को बदलेंगे और राज्य के विकास के लिए योजनाएं बनाएंगे। बिजली, पानी, कृषि और व्यापार सभी मुद्दों पर लोगों से व्यापक चर्चा की जाएगी और चर्चा के आधार पर ही बदलाव की योजना तैयार की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications