आंध्र प्रदेश: टीडीपी महासचिव नारा लोकेश के ऊपर हर 33 किमी पर दर्ज हुआ 1 केस
नारा लोकेश ने आंध्र प्रदेश के लोगों और टीडीपी के कार्यकर्ताओं को इस दौरान उनके साथ मार्च करने और उनकी 'ऐतिहासिक' पदयात्रा के साथ एकजुटता दिखाने के लिए धन्यवाद दिया।

टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव नारा लोकेश ने अपनी 4,000 किलोमीटर लंबी युवागलम पदयात्रा के 400 किलोमीटर पूरे कर लिए हैं और साथ ही उनकी राज्यव्यापी मैराथन ने बुधवार को 31 दिन पूरे कर लिए। हालांकि, 27 जनवरी को चित्तूर जिले के कुप्पम से पदयात्रा शुरू करने के बाद से नारा लोकेश के खिलाफ 12 मामले दर्ज किए गए हैं।
नारा लोकेश ने आंध्र प्रदेश के लोगों और टीडीपी के कार्यकर्ताओं को इस दौरान उनके साथ मार्च करने और उनकी 'ऐतिहासिक' पदयात्रा के साथ एकजुटता दिखाने के लिए धन्यवाद दिया। नारा लोकेश ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य राज्य की जनता के हित के लिए टीडीपी को फिर से सत्ता में लाना है। इस दौरान टीडीपी के पूर्व मंत्री नक्का आनंद बाबू ने पदयात्रा में बाधा उत्पन्न करने के लिए हर तरह के 'अलोकतांत्रिक' तरीकों का सहारा लेने पर जगन मोहन रेड्डी सरकार की आलोचना की।
नक्का आनंद बाबू ने कहा, 'नारा लोकेश की मैराथन यात्रा से बौखलाती दिख रही राज्य सरकार ने पिछले एक महीने के दौरान उनके खिलाफ 12 मामले दर्ज किए हैं। अगर हिसाब लगाए तो पदयात्रा के दौरान कवर किए गए प्रत्येक 33 किमी पर उनके ऊपर एक केस दर्ज हुआ है। यह स्पष्ट रूप से पदयात्रा को किसी भी तरीके से रोकने के लिए सत्ता पक्ष की मंशा को दर्शाता है।'
साथ ही आनंद बाबू ने पुलिस को नारा लोकेश के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी को खुश करने की कोशिश करने से बचने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जब तक इस 'अलोकतांत्रिक' सरकार को सत्ता से बेदखल नहीं किया जाता तब तक टीडीपी नेता अपना मार्च नहीं रोकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications