आगरा में AAP कार्यकर्ताओं का विरोध, स्मार्ट सिटी और G 20 में भ्रष्टाचार के आरोप
आगरा में सोमवार को आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। आप कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय में धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोपों के निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

आम आदमी पार्टी ने सोमवार को आगरा स्मार्ट सिटी और जी-20 को लेकर हुए विकास कार्यों में घोटाले का आरोप लगाते हुए नगर निगम में धरना प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं का कहना था कि सत्ता पक्ष के विधायक ने नगर निगम के अभियंता पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं, इसके बाद भी अधिकारी भ्रष्टाचारी को बचाने में जुटे हैं। भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ आम आदमी पार्टी लगातार अभियान चलाएगी।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ गए। उनका आरोप था कि स्मार्ट सिटी और जी-20 के तहत हुए कार्यों में बडे़ स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। स्मार्ट सिटी की करोड़ों रुपए की परियोजना में अधिकारियों ने बंदरबांट किया है। शहर में कैमरे लगाए गए, लेकिन आधे से अधिक कैमरे बंद पडे़ हैं। स्मार्ट सिटी के तहत हुए कार्यों की गुणवत्ता खराब है। टाइल्स उखड़ गई है। सीवर लाइन चॉक पड़ी हैं। शहर में जगह-जगह गंदगी है। मगर, इन पर अधिकारियों का ध्यान नहीं है।
पूर्व मंत्री ने उठाए हैं सवाल
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा के छावनी विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश का पत्र लेकर पहुंचे थे। उन्होंने पत्र को दिखाते हुए कहाकि सत्ता पक्ष के विधायक ने नगर निगम के अधिशासी अभियंता पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पत्र लिखा है। विधायक ने स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी आरके सिंह को गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अभियंता ने चाइना के मीटर खरीद कर लगवा दिए। इसके बाद भी अधिकारी आरोपी को बचाने में जुटे हैं। अभियंता को छुट्टी भेज दिया गया है। जब तक भ्रष्टाचार की जांच नहीं होगी, आम आदमी पार्टी का आंदोलन चलता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications