New Year 2025: खास है जनवरी का यह सप्ताह, बनेंगे राज और लक्ष्मी योग
New Year 2025: नया साल 2025 का पहला ही सप्ताह आपके लिए अनेक शुभ योगों का संयोग लेकर आया है। इस पहले सप्ताह में 1 जनवरी से 7 जनवरी तक अनेक शुभ योग बनने जा रहे हैं जो आपके जीवन को नई दिशा और गति देंगे।
जनवरी के इस पहले सप्ताह में बुध के राशि परिवर्तन करने से अनेक योगों का निर्माण हो रहा है। इनमें राज योग से लेकर लक्ष्मी योग, बुधादित्य योग जैसे अत्यंत शुभ योग बन रहे हैं। आइए जानते हैं विस्तार से-

बुधादित्य योग
धन, संपदा, बौद्धिक संपदा, लेखन, मानसिक स्थिति, निर्णय क्षमता, शिक्षा आदि का प्रतिनिधि ग्रह बुध जनवरी के चौथे दिन अर्थात् 4 जनवरी को बृहस्पति की राशि धनु में प्रवेश करने जा रहा है। बुध के धनु राशि में जाते ही सबसे पहले यह सूर्य के साथ युति करेगा क्योंकि सूर्य अभी धनु राशि में ही गोचर कर रहा है।
एक ही राशि में युति करने से बुधादित्य योग
सूर्य और बुध के संयुक्त रूप से एक ही राशि में युति करने से बुधादित्य योग बन रहा है। बुधादित्य योग में सभी प्राणियों, प्रकृति, पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। जो लोग अपने कामों में सफलता पाना चाहते हैं, वे इस शुभ योग में कार्य प्रारंभ करें, निश्चित रूप से अच्छी सफलता प्राप्त होगी।
राज योग
बुध जब बृहस्पति की राशि धनु या मीन में गोचर करता है तक राजयोग का निर्माण होता है। यह राजयोग उन लोगों को अधिक फलदायी होता है जिनकी कुंडली में बुध धनु या मीन राशि का होता। बुध और बृहस्पति के संयुक्त प्रभाव से बनने वाले राज योग में व्यक्ति को चारों ओर सफलता प्राप्त होती है। वह जिस काम में हाथ डालता है वह पूरा होगा। 4 जनवरी से बुध के धनु राशि में जाने से यह राज योग बन रहा है।
लक्ष्मी योग
वर्तमान में शुक्र और शनि दोनों का कुंभ राशि में गोचर चल रहा है। इस दोनों ग्रहों का एक ही राशि में होना लक्ष्मी प्राप्ति का योग बना रहा है। शनि का स्वराशि में होना इस योग को और मजबूत बना रहा है। इस योग में यदि आप संपत्ति, भूमि, वाहन, स्वर्णाभूषण आदि खरीदेंगे तो उनमें उत्तरोत्तर वृद्धि होती जाएगी। लक्ष्मी योग का प्रभाव 9 जनवरी तक रहेगा। इस समय का सदुपयोग करें।
रवियोग, सर्वार्थसिद्धि और अमृतसिद्धि योग
जनवरी के इस प्रथम सप्ताह में चार रवियोग, एक सर्वार्थसिद्धि योग और एक अमृतसिद्धि योग बन रहा है। 2 जनवरी, 4, जनवरी, 5 जनवरी और 7 जनवरी को रवियोग रहेगा। 5 जनवरी को सर्वार्थसिद्धि योग और 7 जनवरी को अमृतसिद्धि योग बनेगा। सात दिन में छह योगों का बनना अपने आप में शुभ संयोग है। यह सप्ताह आपको अनेक कार्यों में सफलता दिलाएगा।












Click it and Unblock the Notifications