Pics: महाशिवरात्रि आज, शिवालयों में गूंज रहे हैं बम-बम भोले के बोल
ऐसा माना जाता है कि महाशिवरात्रि के दिन भोलेनाथ का विवाह हिमालय पुत्री मां पार्वती से हुआ था इसलिए इस दिन रात्रि में शिवजी की बारात निकाली जाती है।
लखनऊ। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दुनिया भर में सुबह से बम-बम भोले के स्वर गूंज रहे हैं। भगवान शिव के दर्शन के लिये सभी शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है।

लोगों की भारी भीड़
वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर उज्जैन में महाकाल के मंदिर तक, लखनऊ के मनकामेश्वर से लेकर बेंगलूरु के केम्प फोर्ट मंदिर तक लोगों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है।

मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना
भक्तगण उपवास रखकर और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं। देशभर में लाखों श्रद्धालु महाशिवरात्रि मना रहे हैं। माना जाता है कि आज ही के दिन भगवान शिव व देवी पार्वती का विवाह हुआ था। श्रद्धालु पूरी रात जागते हैं, भजन-कीर्तन करते हैं और महादेव से आशीर्वाद मांगते हैं।

बाबा की आराधना
कहते हैं कि महाशिवरात्रि में किसी भी प्रहर अगर भोले बाबा की आराधना की जाए, तो मां पार्वती और भोले त्रिपुरारी दिल खोलकर कर भक्तों की कामनाएं पूरी करते हैं। महाशिवरात्रि पर पूरे मन से कीजिए शिव की आराधना और पूरी कीजिए अपनी हर कामना।

कालरात्रि
महाशिवरात्रि हिन्दुओं का एक प्रमुख त्योहार है। माना जाता है कि सृष्टि के प्रारंभ में इसी दिन मध्यरात्रि को भगवान शंकर का ब्रह्मा से रुद्र के रूप में अवतरण हुआ था। प्रलय की बेला में इसी दिन प्रदोष के समय भगवान शिव तांडव करते हुए ब्रह्मांड को तीसरे नेत्र की ज्वाला से समाप्त कर देते हैं, इसीलिए इसे महाशिवरात्रि अथवा कालरात्रि कहा गया।

मांगलिक दोष दूर होंगे
जो लोग मांगलिक दोष वाले हैं उनके लिए यह शिवरात्रि काफी शुभ है वो इस दिन सुबह शंभू नाथ को जल चढ़ाये उनके सारे दोष दूर हो जायेंगे।












Click it and Unblock the Notifications