Mahashivratri 2024: आज शिव को ये पुष्प चढ़ाएंगे तो घर में होगी धन की वर्षा
Mahashivratri 2024: महाशिवरात्रि भगवान शिव को प्रसन्न करने का सबसे प्रमुख दिन होता है। शिव की पूजा से अटूट लक्ष्मी की प्राप्ति भी होती है। इस बार यह संयोग ही है कि 8 मार्च को शुक्रवार भी आ गया है।

शिवमहापुराण की रुद्रसंहिता के सृष्टिखंड के चतुर्दश अध्याय में शिवजी को विभिन्न कामनाओं की पूर्ति के लिए चढ़ाएं जाने वाले पुष्प और पत्रों के बारे में विस्तार से बताया गया है। आप इस शिवरात्रि पर अपनी कामना के अनुसार पुष्प चढ़ाएं और धन की वर्षा का आशीर्वाद शिवजी से प्राप्त करें।
लक्ष्मी की प्राप्ति के लिए कमल, बिल्वपत्र, शतपत्र और शंखपुष्प से भगवान शिव का पूजन करना चाहिए। यदि एक लाख की संख्या में इन पुष्पों द्वारा शिवजी की पूजा की जाए तो सारे पापों का नाश होता है और लक्ष्मी की भी प्राप्ति हो जाती है।
- एक लाख पार्थिव शिवलिंग बनाकर उनका पूजन इतने ही कमल पुष्पों से किया जाए तो धन की प्राप्ति होती है।
- शिवलिंग पर शंखपुष्पी के फूल चढ़ाए जाएं तो इस लोक और परलोक में सभी कामनाओंउ का दिव्य फल प्राप्त होता है।
- यश प्राप्त करने और वाहन सुख की प्राप्ति के लिए एक हजार पार्थिव शिवलिंगों का पूजन करके उन पर कमल पुष्प चढ़ाएं।
- रोग मुक्ति और उत्तम आयु की प्राप्ति के लिए एक लाख दूर्वाओं द्वारा शिवजी का पूजन करें।
- पुत्र की अभिलाषा रखने वाले एक लाख धतूरे के फूलों से शिव पूजन करें। लाल डंठल वाला धतूरा पूजन में श्रेष्ठ माना गया है।
- अगस्त्य के फूलों से शिवजी का पूजन करने से यश और सम्मान प्राप्त होता है।
- लाल और सफेद मदार, अपामार्ग और कल्हार के फूलों से शिव पूजन करने से प्रताप की प्राप्ति होती है।
- अड़हूल के फूलों से की हुई पूजा शत्रु विनाशक होती है।
- करवीर के एक लाख फूलों से शिवजी का पूजन करने से रोग दूर होते हैं।
- गुलदुपहरिया के फूलों से शिव पूजन करने से स्वर्णाभूषणों की प्राप्ति होती र्है।
- चमेली के पुष्पों से शिवजी का पूजन करने से मनुष्य अनेक वाहनों का मालिक होता है।
- अतसी के फूलों से महादेव का पूजन करने वाला पुरुष भगवान विष्णु का प्रिय हो जाता है।
- शमी पत्रों से पूजन करने से मनुष्य मोक्ष को प्राप्त करता है।
- बेला के फूल शिवजी को अर्पित करने से शुभलक्षणा पत्नी की प्राप्ति होती है।
- जूही के फूलों से पूजा की जाए तो घर में कभी अन्न की कमी नहीं होती।
- कनेर के फूलों से पूजा करने पर मनुष्य को सभी प्रकार के वस्त्र और संपदा प्राप्त होती है।
- सेंदुआरि या शेफालिका के फूलों से शिव पूजन करने से मन निर्मल होता है।
- एक लाख बिल्व पत्रों से पूजन करने पर मनुष्य अपनी सारी कामनाओं को प्राप्त कर लेता है।
- हरसिंगार के फूलों से पूजा करने पर सुख-संपत्ति में वृद्धि होती है।
- राई के फूल शत्रुओं के लिए अनिष्टकारी होते हैं। इन फूलों को एक लाख की संख्या में चढ़ाने पर शत्रु समाप्त हो जाते हैं।
नोट : केवड़े का पुष्प शिवजी को प्रिय नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications