'ओम जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता!', लक्ष्मी पूजन के बाद आरती में न करें ये भूल, संपूर्ण विधि

दिवाली की रात मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के बाद आरती करने का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि आरती के बिना पूजा अधूरी मानी जाती है। हालांकि, मां लक्ष्मी की आरती करते समय कुछ खास बातों का ध्यान रखने की परंपरा है। मान्यता के अनुसार, उनकी आरती बिना ताली और घंटी बजाए शांत मन से करनी चाहिए। वहीं, भगवान गणेश की आरती में घंटी बजाई जाती है।

दिवाली पर मां लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश, भगवान विष्णु, हनुमानजी और मां सरस्वती की आरती भी की जाती है। शंख बजाने की भी परंपरा है। आरती के बाद मां लक्ष्मी से घर में स्थायी निवास और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की जाती है। आइए जानते हैं आरती का सही तरीका और पांचों देवी-देवताओं की आरती।

Diwali Lakshmi-Ganesh Aarti Rituals

मां लक्ष्मी की आरती से पहले और बाद में बजाएं शंख

धार्मिक मान्यता के अनुसार, शंख की ध्वनि को शुभ माना जाता है। भविष्य पुराण में भी शंख की आवाज का महत्व बताया गया है। मान्यता है कि जिस घर में शंख बजता है, वहां मां लक्ष्मी का वास होता है। इसलिए दिवाली की पूजा में लक्ष्मीजी की आरती से पहले और बाद में शंख बजाने की परंपरा है। ऐसा माना जाता है कि शंख की ध्वनि से देवी-देवताओं का आगमन होता है और नकारात्मक शक्तियां दूर रहती हैं।

मां लक्ष्मी की आरती कब और कैसे करें?

मां लक्ष्मी की पूजा पूरी होने के बाद आरती करनी चाहिए। पूजा शुरू करने से पहले सभी जरूरी सामग्री अपने पास रख लें, ताकि बीच में बार-बार उठना न पड़े। आरती के समय पूरा ध्यान मां लक्ष्मी पर रखें और आरती खुद गाकर करें।

आरती की थाली में फूल, कपूर और धूप रख सकते हैं। कपूर जलाकर मां लक्ष्मी की आरती करें। साथ में घी का दीपक भी जलाएं। आरती पूरी होने के बाद मां लक्ष्मी को भोग लगाएं और पूजा में हुई किसी भी भूल के लिए क्षमा मांगें। इसके बाद पहले भगवान को आरती अर्पित करें, फिर परिवार के सदस्यों को आरती दें। घर के सभी हिस्सों में आरती की बाती घुमाने की भी परंपरा है।

मां लक्ष्मी की आरती के नियम

  • मां लक्ष्मी की आरती बिना ताली और घंटी बजाए शांत भाव से करने की मान्यता है।
  • आरती के लिए कपूर का इस्तेमाल करें।
  • हर शब्द का सही उच्चारण करें और मन को पूजा में लगाएं।
  • आरती के बाद मां लक्ष्मी से घर में स्थायी वास की प्रार्थना करें।
  • इसके बाद भगवान गणेश, विष्णु, हनुमानजी और मां सरस्वती की आरती भी करें।

दिवाली पर मां लक्ष्मी की आरती

लक्ष्मी माता की आरती
ॐ जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता।
तुमको निशदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता।
उमा, रमा, ब्रह्माणी, तुम ही जग-माता।
सूर्य-चन्द्रमा ध्यावत, नारद ऋषि गाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता।
दुर्गा रूप निरंजनी, सुख सम्पत्ति दाता।
जो कोई तुमको ध्यावत, ऋद्धि-सिद्धि धन पाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता।
तुम पाताल-निवासिनि, तुम ही शुभदाता।
कर्म-प्रभाव-प्रकाशिनी, भवनिधि की त्राता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता।
जिस घर में तुम रहतीं, सब सद्गुण आता।
सब सम्भव हो जाता, मन नहीं घबराता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता।
तुम बिन यज्ञ न होते, वस्त्र न कोई पाता।
खान-पान का वैभव, सब तुमसे आता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता।
शुभ-गुण मन्दिर सुन्दर, क्षीरोदधि-जाता।
रत्न चतुर्दश तुम बिन, कोई नहीं पाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता।
महालक्ष्मीजी की आरती, जो कोई नर गाता।
उर आनन्द समाता, पाप उतर जाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता।
तुमको निशदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता॥
ॐ जय लक्ष्मी माता।

दोहा

महालक्ष्मी नमस्तुभ्यम्, नमस्तुभ्यम् सुरेश्वरि।
हरिप्रिये नमस्तुभ्यम्, नमस्तुभ्यम् दयानिधे॥
पद्मालये नमस्तुभ्यं नमस्तुभ्यं च सर्वदे।
सर्व भूत हितार्थाय, वसु सृष्टिं सदा कुरु॥
सब बोलो लक्ष्मी माता की जय, लक्ष्मी नारायण की जय।

भगवान गणेश की आरती

जय गणेश जय गणेश
जय गणेश जय गणेश, जय गणेश देवा।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
एक दंत दयावंत, चार भुजा धारी।
माथे सिंदूर सोहे, मूसे की सवारी॥
जय गणेश जय गणेश, जय गणेश देवा।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
पान चढ़े फल चढ़े, और चढ़े मेवा।
लड्डुअन का भोग लगे, संत करें सेवा॥
जय गणेश जय गणेश, जय गणेश देवा।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
अंधन को आंख देत, कोढ़िन को काया।
बांझन को पुत्र देत, निर्धन को माया॥
जय गणेश जय गणेश, जय गणेश देवा।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥

डिस्क्लेमर: आरती करने की विधि और घंटी या ताली बजाने से जुड़े नियम अलग-अलग क्षेत्रों और पारिवारिक परंपराओं में अलग हो सकते हैं। यहां दी गई जानकारी प्रचलित धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+