उत्तराखंड सीएम की नितिन गडकरी से मुलाकात, सड़कों के लिए 1300 करोड़ की सौगात
देहरादून, 12 अगस्त: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि उत्तराखंड में नए राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 1000 करोड़ रुपए और केन्द्रीय सड़क अवस्थापना निधि में अतिरिक्त 300 करोड़ रुपए की राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने इस पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन व सहयोग से पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और पुल के निर्माण में आने वाली अत्यधिक लागत को देखते हुए भारत सरकार द्वारा राज्य सरकार को प्रदान की गई सहायता प्रदेश के आर्थिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सड़कों के लिए उत्तराखंड राज्य की प्रत्येक आवश्यकता को पूरा किया जाएगा। राज्य में रोपवे और कैबिल कार के लिए भी सहायता दी जाएगी। गौरतलब है कि हाल ही में केन्द्रीय सड़क अवस्थापना निधि के अन्तर्गत राज्य सरकार के अनुरोध पर 615.48 करोड़ रुपये की लागत के 42 कार्यों को स्वीकृत किए गए थे। अब केन्द्रीय मंत्री गडकरी की ओर से इसमें 300 करोड़ रुपए और दिए जाने के प्रति आश्वस्त किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से टिहरी झील के लिए 2 लेन टनल के निर्माण की स्वीकृति का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से विश्वस्तरीय टिहरी झील जाने के लिए मसूरी-चम्बा कोटी कालोनी मोटर मार्ग के द्वारा कुल 105 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है, जिसमें सम्पूर्ण मार्ग पर्वतीय क्षेत्र में होने के कारण लगभग 3:30 घंटे का समय लगता है। यह टनल देहरादून के राजपुर के निकट से प्रस्तावित है, जो कि टिहरी झील के निकट कोटी कालोनी में समाप्त होगी। टनल की कुल लंबाई लगभग 35 किमी० आएगी। टनल के निर्माण की अनुमानित लागत 8750 करोड़ रुपए आएगी।












Click it and Unblock the Notifications