यूपी के 75 जिलों में खेलो इंडिया केंद्र स्थापित करेगा खेल मंत्रालय
लखनऊ। खेल मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में खेलो इंडिया केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसका मकसद जिला स्तर पर खिलाड़ियों की मदद करना है। इन केंद्रों का संचालन या तो पूर्व चैंपियन करेगा या कोई कोच करेगा। यहां तीरंदाजी, एथलेटिक्स जैसे 14 खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

खेलो इंडिया सेंटर में मैदान की तैयारी, उपकरणों की खरीद, खेल किट के लिए केंद्र सरकार द्वारा 5 लाख रुपए का अनुदान दिया जाएगा। यह सेंटर चार साल के लिए खोले जाएंगे। इसके लिए कोच को खिलाड़ियों के बायोमैट्रिक टेस्ट से लेकर उनके बोन टेस्ट, कोचिंग के वीडियो आदि सब कुछ भेजना होगा। वहीं, आवेदन करने से पहले उन्हें खेल के मैदान की उपलब्धता सहित खेल सामग्री, कोचिंग आदि की व्यवस्था अपनी सुविधा अनुसार या राज्य सरकार के सहयोग से करना होगा। सेंटर में न्यूनतम 30 खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। आवेदन करने के लिए फार्म जिला खेल विभाग से मिलेगा। 30 जुलाई तक इसे भरकर जमा करना होगा।
खेलो इंडिया सेंटर में टेबल टेनिस, एथलेटिक्स, जूडो, हॉकी, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, कुश्ती, फुटबॉल, तैराकी, मुक्केबाजी, तीरंदाजी, निशानेबाजी, भारोत्तोलन और कबड्डी खेल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications