हरियाणा: अब आवाजाही के लिए दिखाना होगा सरकारी पास, मंत्री बोले- ऑक्सीजन टैंकर विदेश से भी मंगवाएंगे
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कोरोना महामारी से निपटने की दिशा में काम करते हुए मंगलवार को एक के बाद एक कई बैठकें कीं। उन्होंने आपस में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए हरियाणा को कोविड के चुंगल से बाहर निकालने की रणनीति को व्यापक परिप्रेक्ष्य में लागू करने पर सहमति बनाई। बैठक में इस बात पर भी एक राय हुई है कि सभी जिलों में निजी अस्पतालों का ऑक्सीजन का कोटा बढ़ाया जाए। एक जिले के लिए निर्धारित ऑक्सीजन की मात्रा में 30 फ़ीसद की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, सरकार द्वारा कहा गया कि, अब बाहर के लोगों को हरियाणा में आवाजाही के लिए सरकारी पास दिखाना होगा।

स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि, आॅक्सीजन के टैंकर विदेश से भी मंगवाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने प्राईवेट अस्पतालों के कुप्रबंधन को काबू करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि, सरकार व्यवस्था ठीक कर रखने के लिए अपनी पावर का भरपूर इस्तेमाल करेगी। उन्होंने आदेश दिए कि, अगले 48 घंटों के भीतर यदि प्राइवेट अस्पतालों ने कोविड-19 के इलाज के नाम पर मनमानी वसूली बंद नहीं की तो सरकार ऐसे तमाम प्राइवेट अस्पतालों का प्रबंधन अपने हाथ में ले लेगी।
सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि, एक जिले के लिए निर्धारित ऑक्सीजन की मात्रा में 30 फ़ीसद की बढ़ोतरी की गई है। मानें कि, यदि किसी जिले में 120 टन ऑक्सीजन की आपूर्ति होनी है तो 90 टन आपूर्ति अस्पतालों को होगी और 30 टन आपूर्ति उन लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य है जो घर में रहकर होम आइसोलेट के तहत उपचार हासिल कर रहे हैं। ऑक्सीजन के इस वितरण कार्य पर अधिकारियों को पैनी निगाह रखने के लिए कहा गया है।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने निजी अस्पतालों को अपनी सरकार के अधीन लेने पर भी खासी रुचि दिखाई और साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल के उस प्रस्ताव को भी जनहित में बताया जिसमें कहा गया है कि यदि कोई अस्पताल अपने संसाधनों का विस्तार कर उन्हें व्यापक स्वरूप देकर कोविड के मरीजों के इलाज के लिए इस्तेमाल करना चाहता है तो सरकार उन्हें प्रोत्साहित करें। जनसंपर्क एवं सूचना विभाग ने बताया कि, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंबाला, करनाल, नल्हड़, कुरुक्षेत्र और रेवाड़ी समेत विभिन्न अस्पतालों में कोविड बेड का सरकारी कोटा भी बढ़ाया है। इसमें भविष्य में और भी बढ़ोतरी किया जाना संभव है। सरकार अपने निर्णयों की समीक्षा बुधवार को कर सकती है। स्वास्थ्य महानिदेशक डा. वीणा सिंह को भी सभी स्थितियों पर निगाह रखने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications