हरियाणा में 47 और गांवों को अब मिलेगी 24 घंटे बिजली, ये हैं वो जिले जिन्हें योजना में जोड़ा गया
पानीपत। हरियाणा सरकार की 'म्हारा गांव जगमग गांव' योजना के तहत 1 अप्रैल 2021 से 47 और गांवों को अब 24 घंटे बिजली पहुंचाई जा रही है। जिनमें पानीपत जिले के 25 गांव, रोहतक के 6 गांव, झज्जर के 9 गांव तथा कैथल जिले के 7 गांव शामिल किए गए हैं। हरियाणा जनसंपर्क एवं सूचना विभाग ने बताया कि, 47 गांवों के लिए प्रदेश सरकार यह खुशखबरी लाई है।

हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि, प्रदेश के सभी गांवों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार प्रयासरत है। बिजली मंत्री ने बताया कि 'म्हारा गांव जगमग गांव' योजना के तहत अब प्रदेश के 5270 गांवों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति मिल रही है। वर्तमान में प्रदेश के 75 प्रतिशत गांवों को पूरी तरह जगमग किया जा चुका है तथा इससे प्रदेश के 10 जिले जिनमें पंचकूला, अंबाला, कुरूक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सिरसा, रेवाड़ी और फतेहाबाद शामिल हैं, जहां 24 घंटे बिजली उपलब्ध है।
बिजली मंत्री ने बताया कि 'म्हारा गांव जगमग गांव' योजना के तहत ग्रामीण उपभोक्ताओं को 301571 बिजली कनेक्शन दिए गये हैं। 'म्हारा गांव जगमग गांव' योजना की शुरुआत गत 1 जुलाई, 2015 को कुरुक्षेत्र जिले के दयालपुर गांव से मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा की गई थी और पूरे प्रदेश को जगमग करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए इस योजना की शुरूआत की गई थी। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार पूरे प्रदेश में शहरों की तर्ज पर गांवों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए वचनबद्ध है।












Click it and Unblock the Notifications