‘अमृत-महोत्सव’ की तैयारियां हरियाणा सरकार ने शुरू कीं, देखें यहां क्या होगा खास
चंडीगढ़। भारत की स्वतंत्रता के 15 अगस्त 2022 को 75 वर्ष पूरे होने पर मनाए जाने वाले 'अमृत-महोत्सव' की हरियाणा सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव श्री विजय वर्धन ने आज चंडीगढ़ में वरिष्ठ अधिकारियों की मीटिंग लेकर निर्देश दिए कि करीब 17 माह तक चलने वाले इस महोत्सव के दौरान सभी विभागों द्वारा ऐसे अनुकरणीय कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए जिनमें देश की आजादी से लेकर वर्तमान समय तक विकास के सफर की झलक दिखाई दे। उन्होंने इस मैराथन महोत्सव के लिए अधिकारियों की एक कमेटी बनाने के भी निर्देश दिए ताकि समय-समय पर तैयारियों की समीक्षा की जा सके।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 'अमृत-महोत्सव' का शुभारंभ करते हुए गत 12 मार्च को गुजरात के साबरमती से दांडी-मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने उसी दिन एक प्रदर्शनी का उदघाटन कर इस महोत्सव की हरियाणा में भी शुरुआत कर दी थी।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को इस 'अमृत-महोत्सव' में लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस महोत्सव से संबंधित गतिविधियों के लिए स्कूल व कालेज से लेकर यूनिवर्सिटी एवं तकनीकी संस्थाओं के युवाओं को जोडऩे के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग को गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए और कहा कि स्वतंत्रता व देशभक्ति के विषयों को लेकर निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, गीत प्रतियोगिता आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि 'एक भारत श्रेष्ठ भारत', 'आत्मनिर्भर भारत' समेत अन्य विशेष अभियानों में जहां 'अमृत-महोत्सव' को केंद्र में रखकर कार्यक्रम किए जाएं वहीं हिपा के ट्रेनिंग कोर्स में भी 'अमृत-महोत्सव' की कैप्सूल-क्लास लगाई जाए।
फसल खरीद के लिए हरियाणा में स्थापित हुए 114 मुख्य यार्ड, 167 सब यार्ड और 196 सेंटर: कृषि मंत्री
इस अवसर पर मीटिंग में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री वी.उमाशंकर, सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री संजीव कौशल, विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अमित झा, स्थानीय निकाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री एस.एन राय, स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री महावीर सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं सूचना,जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल, हरियाणा अभिलेखागार, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के प्रधान सचिव श्री अशोक खेमका, सूचना,जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक श्रीमती वर्षा खांगवाल समेत विभिन्न विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications