कोरोना मरीजों के लिए हरियाणा में मुफ्त आक्सीजन कंसंट्रेटर दे रही भाजपा, दो वक्त का भोजन भी
चंडीगढ़। सत्तारूढ़ दल भाजपा ने अपने स्तर पर भी कोरोना मरीजों की मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं। पार्टी द्वारा हरियाणा में आक्सीजन कंसंट्रेटर मुफ्त दिए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि, हरियाणा भाजपा संगठन की ओर से होम आइसोलेट कोरोना मरीजों को मुफ्त आक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए गए हैं। भाजपा के पदाधिकारियों ने बताया कि, 450 आक्सीजन कंसंट्रेटर होम आइसोलेट मरीजों के लिए मददगार बन रहे हैं।

एक लाख किट बांटने का लक्ष्य
भाजपा पदाधिकारी के मुताबिक, होम आइसोलेट व जरूरतमंद मरीजों को एक लाख किट बांटने का लक्ष्य रखा गया है। इस किट में स्टीमर, आक्सीमीटर, थर्मामीटर, मास्क, सेनीटाइजर और जरूरी दवाइयां उपलब्ध हैं। प्रदेश सरकार ने भी हालांकि ऐसी ही किट कोरोना संक्रमितों को बांटने का ऐलान कर रखा है, लेकिन भाजप ने संगठन स्तर पर सरकार से अलग यह पहल आरंभ की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकश धनखड़ की देखरेख में कोरोना संक्रमित मरीजों की मदद के लिए समस्त प्रकल्प संचालित हो रहे हैं। पिछले दिनों भाजपा ने सेवा ही संगठन का नारा देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से पीड़ितों की मदद का आह्वान किया था, लेकिन हरियाणा में यह प्रकल्प काफी पहले शुरू हो गए थे।
5 हजार लोगों को दोनों वक्त भोजन भी
कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए उनके परिजनों को जहां आक्सीजन कंसंट्रेटर मुफ्त में उपलब्ध कराए जा रहे हैं, वहीं सेवा रसोई के माध्यम से हर रोज करीब 5 हजार लोगों को सुबह-शाम का खाना उपलब्ध कराया जा रहा है।
किसान संगठन के हवाले गांवों का सेनीटाइजेशन, एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा काम
वहीं, भाजपा नेता धनखड़ ने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से देश-विदेश से करीब 450 आक्सीजन कंसंट्रेटर सहयोग के तौर पर जुटाए हैं। इन सभी कंसंट्रेटर को भाजपा के जिला कार्यालयों में रखवा दिया गया है, जहां से कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति अपने मरीज का परचा दिखाकर यह आक्सीजन कंसंट्रेटर पांच से सात दिन के लिए निशुल्क हासिल कर सकता है। इस अवधि के बाद यदि मरीज की हालत में सुधार होता है तो इन कंसंट्रेटर को वापस लौटाना होगा, ताकि उन्हें अच्छी तरह से सेनेटाइज कर दूसरे जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराय जा सके।
सेवा रसोई के जरिये हर रोज करीब पांच हजार मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए भोजन
भाजपा ने पूरे प्रदेश में करीब 50 स्थानों पर सेवा रसोई आरंभ की है। गुरुग्राम और फरीदाबाद सरीखे बड़े अस्पतलों में हर रोज 700 से 800 लोगों के सुबह-शाम का भोजन भाजपा की सेवा रसोई से भेजा जा रहा है। बाकी अस्पतालों में 50 से 200 लोगों तक के भोजन की व्यवस्था सेवा रसोई के जरिये हो रही है। एक टिफिन कोरोना संक्रमित मरीज के लिए होता है और दूसरा उसके तीमारदार के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्लाज्मा दान करने वाले 1500 लोग तैयार, 382 को अभी तक दिया जा चुका प्लाज्मा
भाजपा ने अपने युवा मोर्चा के माध्यम से जरूरतमंद कोरोना संक्रमित मरीजों को प्लाज्मा उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की है। भाजपा के पास प्लाज्मा दान करने वाले करीब 1500 लोगों की सूची है। अभी तक 382 लोगों को प्लाज्मा दान किया जा चुका है। इस पर रोक के बाद से दान प्रक्रिया में कमी आई है, लेकिन पार्टी के पास ऐसे जांबाज हर समय तैयार हैं। किसान मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के जिम्मे हर गांव का सेनीटाइजेशन करने की है। सभी गांव अगले एक सप्ताह के भीतर कवर हो जाएंगे।
मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर दो लाख मास्क व सेनिटाइजर बांटेगी भाजपा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के अनुसार भाजपा ने पंचकूला कार्यालय से एक राज्य स्तरीय हेल्पलाइन और हर जिले में अलग-अलग हेल्पलाइन का संचालन किया है। इन पर आने वाली काल के आधार पर पार्टी कार्यकर्ता जरूरतमंद लोगों को अस्पताल में बेड, दवाइयां, टीके तथा अन्य जरूरत का सामान उपलब्ध करा रहे हैं।
भाजपा ने केंद्र की मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर 30 मई को सेवा ही संगठन कार्यक्रम का विस्तार करते हुए एक लाख मास्क और एक लाख सेनीटाइजर बांटने का निर्णय लिया है। अब तक तीन लाख मास्क और तीन लाख सेनीटाइजर पार्टी के स्तर पर आवंटित किये जा चुके हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पार्टी कैडर के इन कार्यों की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया है।


Click it and Unblock the Notifications
