गेहूं बेचने के लिए किसान अभी भी करा सकते हैं पंजीकरण, योगी सरकार ने दोबारा किया शुरू
आजमगढ़। लॉकडाउन अथवा अन्य कारणों से गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण न करा पाने वाले किसानों को यूपी की योगी सरकार ने बड़ी राहत दी है। खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल पर गेंहू विक्रय के लिए पंजीकरण दोबारा खोल दिया गया है। किसान अब पंजीकरण कर अपना गेंहू सरकारी क्रय केंद्र पर बेच सकते है।

बता दें कि बीच में दो बार मौसम खराब होने से तमाम किसान अभी अपना गेंहू नहीं बेच पाए है। जिन किसानों ने पंजीकरण कराया है उनका भी नंबर अब तक नहीं आया है। क्रय केंद्रों के प्रभारी गेंहू खरीद में आनाकानी कर रहे हैं अथवा दूसरे केंद्र पर गेंहू बेचने की सलाह देकर किसानों को दौड़ा रहे हैं। कई एसएमआई तो खरीद शुरू होने के बाद से ही अपना मोबाइल नंबर बंद किये हैं। इसमें कौरागहनी में तैनात एसएमआई सबसे आगे हैं। हालत यह है कि किसान परेशान है।
पिछले दिनों वेबसाइट से ओटीपी न आने के कारण तमाम किसान अपना पंजीकरण भी लाक नहीं करा पाए था। इससे समस्या और बढ़ गयी थी। कारण कि सरकार ने 28 मई की शाम को ही वेबसाइट से पंजीकरण का कालम हटा दिया था। केवल प्रिंट, नामिनी बदलने और टोकन कालम ही शो कर रहा था। इससे किसानों ने मान लिया था कि अब वे अपना गेंहू क्रय केंद्र पर नहीं दे पाएंगे। मजबूरन लोग अपना गेंहू कारोबारियों अथवा बिचैलियों को 1600 रुपये कुंतल बेेच रहे थे।
आशा सिंह सहित कई किसानों ने इस संबंध में शिकायत भी दर्ज करायी थी। इसी बीच सरकार ने 2 जून की शाम एक बार फिर पंजीकरण के लिए वेबसाइट चालू कर दी। अब किसान अपना पंजीकरण कर सकते है। इससे किसानों को राहत मिली है लेकिन वेबसाइट कब तक चालू रहेगी यह बता पाने में अधिकारी भी अक्षम हैं। डिप्टी आरएमओ का कहना है कि किसानों को अवसर लाभ उठाते हुए तत्काल अपना पंजीकरण कराना चाहिए। ताकि वे अपना गेंहू नजदीकी क्रय केंद्र पर बेंच सके।












Click it and Unblock the Notifications