सुबह 4 बजे औचक निरीक्षण करने पहुंचे राघव चड्ढा, भूमिगत जलाशयों का लिया जायजा
नई दिल्ली, 8 जून: दिल्ली के कई इलाकों में पानी की समस्या निरंतर बनी हुई है। इसके कारण लोग सोशल मीडिया के माध्यम से दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली सरकार पर अपना गुस्सा निकाल रहे है। वहीं समस्या का जल्द से जल्द हल करने की मांग कर रहे है। इन्हीं सब शिकायतों को देखते हुए दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चढ्ढा गुरुवार सुबह 4 बजे अपनी टीम के साथ औचक निरीक्षण पर निकल गये। उन्होंने सुबह सुबह कई इलाकों के भूमिगत जलाशयों का औचक निरीक्षण किया।

इस भीषण गर्मी में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केजरीवाल सरकार की पूरी टीम दिन रात लगी हुई है। वीडियो में राघव चड्ढा को अधिकारियों को पूरे दबाव पर पानी की आपूर्ति करने का निर्देश देते हुए सुना जा सकता है। चड्ढा ने कुछ उपभोक्ताओं के फोन का भी जवाब दिया और पूछा कि क्या जल आपूर्ति से संबंधित उनकी समस्याओं का समाधान हो गया है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो क्लिप में, चड्ढा अधिकारियों के साथ मिलकर ऐसे विभिन्न जलाशयों का निरीक्षण करते दिख रहे हैं। चड्ढा ने ट्वीट किया कि जल आपूर्ति को देखने के लिए दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ आज सुबह चार बजे मध्य एवं पश्चिम दिल्ली के कई जलाशयों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को ऐसे प्रत्येक जलाशय में पूर्व निर्धारित जलस्तर को बरकरार रखने के लिए सख्त निर्देश दिए ताकि जल आपूर्ति नियमित एवं निर्बाध रहे।


Click it and Unblock the Notifications
