सीएम योगी ने UPSSSC में चयनित युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, कहा- ग्रामीण युवाओं का करें मार्गदर्शन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार का मिशन रोजगार जारी है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 534 युवाओं को सोमवार को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर प्रतीक स्वरूप कुछ चयनित अभ्यर्थियों को खुद नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों से उन्होंने संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास, पांच कालीदास मार्ग पर क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारियों तथा व्यायाम प्रशिक्षकों के पदों पर चयनित कुछ अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तहत 508 क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारियों के साथ 26 व्यायाम प्रशिक्षकों को तैनाती दी जा रही है। यह कार्यक्रम राज्य सरकार के मिशन रोजगार श्रृंखला की नई कड़ी है।

इस अवसर पर अन्य नवचयनित अधिकारियों व प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र उनके गृह जिलों में सौंपे गए। योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपने मिशन रोजगार के तहत सोमवार को 508 क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं पीआरडी अधिकारियों तथा 26 व्यायाम प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। कोरोना वायरस संक्रमण काल के दौर में भी उत्तर प्रदेश सरकार रोजगार सृजन का कार्यक्रम चला रही है। इस दौरान प्राथमिकता पर युवाओं को रोजगार प्रदान किया जा रहा है।
इसके साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ प्रतीक स्वरूप कुछ सफल युवाओं को अपने हाथ से नियुक्ति पत्र दिया जबकि अन्य को उनके जिलों में मंत्री या फिर विधायकों ने प्रदान किया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ बड़ी संख्या में सफल अभ्यर्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया और उनको संबोधित भी किया। सीएम योगी ने कहा कि हर इंसान में काबिलियत होती है लेकिन उनको मार्गदर्शन की जरूरत होती है। अगर क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी ग्रामीण युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे तो उनको भी अवसर का लाभ उठाने और विकास करने का मौका मिलेगा। पिछले चार सालों से यह सरकार इस दिशा में सुधार के लिए काम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications