ओवर बिलिंग, मीटर जंपिंग जैसी शिकायतों को प्राथमिकता से करें दूर: सीएम योगी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मीटर जंपिंग, ओवर बिलिंग जैसी शिकायतों को प्राथमिकता के साथ दूर करें। साथ ही स्मार्ट मीटर लगाने के काम में तेजी लाए। दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ अपने आवास पर ऊर्जा विभाग के कार्यों के तहत स्मार्ट मीटर, बिलिंग और राजस्व प्राप्ति की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि विद्युत समाधान शिविरों का व्यापक स्तर पर आयोजन करते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं व शिकायतों का समाधान किया जाए। इन आयोजनों के सम्बन्ध में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हो, जिससे उपभोक्ता को जानकारी प्राप्त हो सके।

सीएम ने निर्देश दिए कि स्मार्ट मीटर स्थापना के कार्यों में तेजी लाए। इन कार्यों में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत की आशंका न रहे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर की स्थापना में उत्तर प्रदेश अन्य राज्यों की अपेक्षा आगे है। तो वहीं, विद्युत राजस्व प्राप्ति के संबंध में कहा कि उपभोक्ता का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न न करते हुए यह कार्य किया जाए। ज्यादा लम्बे समय से बकाया बिजली बिलों का ओटीएस प्रणाली के अन्तर्गत समाधान किए जाने पर विचार करते हुए किस्तवार राजस्व प्राप्ति की जाए।
सीएम ने सौभाग्य योजना तथा दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना सहित अन्य अधूरे विद्युत कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत संबंधी कार्यों की थर्ड पार्टी जांच कराई जाए। कहा कि विद्युत के संबंध में किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्हें प्राथमिकता से ट्यूबवेल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो।












Click it and Unblock the Notifications