सीएम रुपाणी ने किया गुजरात में किसान सूर्योदय योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ
अहमदाबाद। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने राज्य में दिन के दौरान कृषि कार्यों के लिए बिजली आपूर्ति की किसान सूर्योदय योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। मंगलवार को अरवल्ली जिले के बायड शहर में उत्तर गुजरात क्षेत्र में पहले चरण का लोकार्पण करते हुए ऊर्जा मंत्री सौरभ पटेल ने कहा कि वर्तमान सरकार में ऊर्जा विभाग ने किसानों की चिंता करते हुए उनकी खेती-किसानी की लागत कम करने और आय को बढ़ाने के साथ ही किसानों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के बहुआयामी प्रयास किए हैं। अब वह दिन आ गए हैं जब किसानों के मांगते ही बिजली कनेक्शन मिल जाएगा। किसानों को 3.80 लाख नए बिजली कनेक्शन दिए गए हैं। आज बायड में पहले के 5000 की तुलना में 15,000 कनेक्शन हैं।

पटेल ने कहा कि एक बिजली कनेक्शन पर सरकार का 1.60 लाख रुपए खर्च होता है, लेकिन सरकार किसानों से केवल 10 हजार रुपए लेकर बिजली कनेक्शन प्रदान करती है और शेष डेढ़ लाख रुपए का खर्च स्वयं वहन करती है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रत्येक वस्तु का संग्रहण किया जा सकता है, लेकिन ऊर्जा का संग्रहण नहीं किया जा सकता। उन्होंने विश्वास जताया कि किसान सूर्योदय योजना ऐतिहासिक और किसानों के जीवन में बदलाव लाने वाली साबित होगी।
अरवल्ली जिला प्रभारी और वन एवं आदिजाति राज्य मंत्री रमणभाई पाटकर ने कहा कि किसान सूर्योदय योजना के पहले चरण के तहत जिले के 104 गांवों के कुल 45 कृषि फीडरों के माध्यम से 12,114 किसानों को दिन के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। सूर्य ऊर्जा से उत्पन्न होने वाली बिजली का दिन के दौरान ही इस्तेमाल करने से किसानों को रातों को जागने, कड़ाके की सर्दी और मानसून के दिनों में पडऩे वाली तकलीफों से हमेशा के लिए मुक्ति मिल सकेगी।
इस अवसर पर सांसद दीपसिंह राठौड़, उत्तर गुजरात वीज कंपनी लिमिटेड (यूजीवीसीएल) के प्रबंध निदेशक महेश सिंह, ऊर्जा विभाग की प्रधान सचिव सुनयना तोमर, साबर डेयरी के चेयरमैन शामलभाई पटेल, जिला अग्रणी राजेन्द्रभाई पटेल, कलक्टर अमृतेश औरंगाबादकर, जिला विकास अधिकारी डॉ. अनिल धामेलिया सहित कई अधिकारी, पदाधिकारी और किसान मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications