वनांचल इलाके में सिंचाई के लिए एक्शन प्लान बनाने का सीएम भूपेश बघेल ने दिए निर्देश
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि वनांचल में नदियों के किनारे बिजली लाइन बिछाकर किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही कार्ययोजना तैयार की जाए। प्रदेश के आकांक्षी जिलों विशेषकर बस्तर, सरगुजा अंचल सहित कोरबा जिले में नदियों के किनारे बिजली लाइन के विस्तार के काम में डीएमएफ फंड का उपयोग किया जाएइससे किसानों को जहां सिंचाई सुविधा मिलेगी, वहीं उनका जीवन स्तर ऊपर उठाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने निवास कार्यालय में आयोजित ऊर्जा विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के पानी का उपयोग करने से भू-जल का दोहन रुकेगा। वहीं सतही जल के उपयोग से बिजली की खपत कम होगी। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल में इंद्रावती नदी, सुकमा में शबरी नदी, कोरबा में हसदेव नदी, दंतेवाड़ा में नदी किनारे बिजली लाइन बिछाने का कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। इसके लिए इन जिलों के कलेक्टरों से संपर्क कर जल्द कार्य योजना तैयार की जाए।
वनांचल क्षेत्रों में जहां बिजली सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने सौर सुजला योजना में सोलर पंप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, विशेष सचिव ऊर्जा और छत्तीसगढ़ पावर कंपनियों के अध्यक्ष अंकित आनंद सहित बिजली कंपनियों के अधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications