सीएम बघेल ने निर्मला सीतारमण को लिखा पत्र, लघु और मध्यम व्यापारियों के लिए राहत की मांग
रायपुर, मई 3: देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर जारी है, जिस वजह से कई राज्यों में पाबंदियां लागू की गई हैं। इसका सबसे ज्यादा असर लघु और मध्यम कारोबारियों पर पड़ा है। इसको लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से आग्रह किया कि लघु और मझोले कारोबारियों को विभिन्न तरह की कर अदायगी तथा कर्ज की किस्तों के भुगतान में कुछ महीने की राहत प्रदान की जाए।

राज्य सूचना विभाग के मुताबिक मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी की दूसरी और अधिक घातक लहर को रोकने के लिए 9 अप्रैल को पाबंदियां लागू की गई थीं, जो 6 मई तक पूरी तरह से सभी जिलों में लागू हैं। इस वजह से राज्य में आर्थिक गतिविधियां और व्यापार-व्यवसाय लगभग बंद हैं। इससे राज्य में लघु एवं मध्यम श्रेणी के व्यवसायियों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इसके लिए छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने भी राहत पैकेज की मांग की है।
सीएम बघेल ने आगे लिखा कि व्यापारियों के रिटर्न को प्रस्तुत करने की अप्रैल और मई की तिथियों को दो महीने के लिए बढ़ाया जाए। वहीं व्यापार के लिए जिसने ऋण लिया है, उसके मूलधन और ब्याज की किश्तों के भुगतान की समय-सीमा को कम से कम 3 माह की स्थगन अवधि प्रदान करने पर विचार किया जाए। इसके अलावा लघु एवं मध्यम व्यापारियों की परेशानी पर विचार कर सकारात्मक कदम केंद्र सरकार को उठाने चाहिए। ये उपाय चालू वित्तीय वर्ष में राज्य के व्यवसायियों को वांछित राहत प्रदान करने में काफी सहायक होंगे।












Click it and Unblock the Notifications