Jayant Chaudhary RLD: क्या एनडीए में शामिल होंगे जयंत और चंद्रशेखर?

क्‍या समाजवादी पार्टी के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकदल के अध्‍यक्ष जयंत चौधरी खिचड़ी, पुलाव और बिरयानी का चावल छोड़कर खीर खायेंगे? यह सवाल इसलिए क्योंकि स्वयं जयंत चौधरी ने ट्वीट किया है कि जब चावल ही खाना है तो खीर क्‍यों ना खाई जाये! दरअसल, उत्तर प्रदेश के सियासी समी‍करण में पिछले कुछ समय से जबदरस्‍त हलचल है। दोस्‍ती की कसमें खाने वाले दुश्‍मन हुए जा रहे हैं तो दुश्‍मनों से गलबहियां करके दोस्‍ती के तराने गाये जा रहे हैं। यूपी में लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों का ऊंट किस करवट बैठेगा, इसका अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा है।

उत्तर प्रदेश में भाजपा के सामने सबसे मजबूत सपा-रालोद गठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। दोनों दलों के नेताओं की तरफ से ऐसे बयान आ रहे हैं, जिससे लग रहा है कि यह गठबंधन भी जल्‍द टूट जायेगा। विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन के सामने सपा ने रालोद, सुभासपा एवं अपना दल (कमेरावादी) का मजबूत विकल्‍प तैयार किया था, लेकिन भाजपा की सत्ता में वापसी के बाद से ही गठबंधन में उठापटक जारी है। सबसे पहले इस गठबंधन से सुभासपा के नेता ओम प्रकाश राजभर ने किनारा किया, अब जयंत चौधरी भी उसी नक्‍शेकदम पर हैं।

will RLD Jayant Chaudhary and Chandrashekhar join the NDA?

माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले जयंत चौधरी भाजपा खेमे में आ जायेंगे। अंदरखाने जयंत चौधरी सीटों का समीकरण बैठाने में लगे हुए हैं। जयंत को भी साफ नजर आ रहा है कि समाजवादी पार्टी गठबंधन में शामिल रहने से भविष्‍य में कोई फायदा नहीं है। सपा प्रदेश की सत्ता से बाहर है, और केंद्र में भी उसका कोई निश्चित भविष्‍य नहीं है। नीतीश कुमार के नेतृत्‍व में पक रही गठबंधन खिचड़ी का भविष्‍य भी स्‍पष्‍ट नहीं है। इस गठबंधन से प्रधानमंत्री कौन बनेगा, इसको लेकर भी रार तय है, इसलिए जयंत चौधरी खिचड़ी, बिरयानी, पुलाव का चावल खाने की बजाय खीर खाना ज्‍यादा मुनासिब मान रहे हैं।

भाजपा को भी इस बेल्‍ट में सहयोगियों की जरूरत है। नीतीश कुमार के एनडीए से बाहर होने के बाद बिहार भाजपा की सबसे कमजोर कड़ी बन गया है। यूपी-बिहार की 120 सीटों पर एनडीए ने 2014 में 103 तथा 2019 में 105 सीटों पर जीत हासिल की थी, जो उसकी कुल जीती गई सीटों के 30 फीसदी से ज्‍यादा है। बिहार में होने वाले संभावित नुकसान की भरपायी भाजपा यूपी में अधिक से अधिक सीट जीतकर करना चाहती है।

रालोद और सुभासपा जैसे दलों को अपने साथ जोड़ना भाजपा के लिए अत्‍यंत महत्‍वपूर्ण है, और आवश्‍यक भी। दूसरी तरफ, जयंत चौधरी को भी अपनी पार्टी चलाने के लिये संसाधनों की जरूरत है। संसाधन के बिना पार्टी चलाना आसान नहीं है, और सत्ता में भागीदारी के बगैर संसाधन जुटाना सरल काम नहीं है। खासकर उन दलों के लिए जो निश्चित क्षेत्र में जाति आधारित वोट बैंक की राजनीति करती हैं। खबर है कि भाजपा जयंत चौधरी को अपनी पार्टी में लाकर पश्चिम के जाटलैंड में अपनी जीत सुनिश्‍चित करना चाहती है। भाजपा की नजर आजाद पार्टी के चंद्रशेखर पर भी है।

पश्चिमी यूपी में जाट और दलित को साध लेने से कई सीटों के समीकरण बदल सकते हैं। भाजपा विधानसभा चुनाव में इस रणनीति का फायदा भी उठा चुकी है। फिलहाल भाजपा की प्राथमिकता जयंत चौधरी हैं। किसान आंदोलन के बाद बदले समीकरण में जाट वोटों में बंटवारा रोकने तथा राजस्‍थान में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए भाजपा रालोद को अपने साथ जोड़ना चाहती है। जाट वोटों के लिये भाजपा ने भूपेंद्र चौधरी को यूपी का अध्‍यक्ष बनाया तो जगदीप धनखड़ को उपरा‍ष्‍ट्रपति बनाकर उन्‍हें खुश करने की कोशिश पहले ही कर चुकी है।

भाजपा जयंत चौधरी को प्रदेश तथा केंद्र की सत्ता में भागीदारी देने को तैयार है, लेकिन बात सीटों पर आकर अटक जा रही है। भाजपा केंद्र और प्रदेश में होने वाले संभावित विस्‍तार में रालोद को भी शामिल करना चाहती है, लेकिन सीटों का समीकरण फाइनल नहीं हो पा रहा है। केंद्र का आखिरी विस्‍तार भी इसी कारण टलता जा रहा है। फिलहाल सपा गठबंधन में शामिल रालोद ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष राम आशीष राय ने यूपी की एक दर्जन सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कह कर पासा फेंक दिया है।

सपा नेतृत्‍व ने इस बयान पर कोई जवाब नहीं दिया है, लेकिन पार्टी के सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा है कि रालोद के जाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, वो केवल अपनी जाति के कुछ वोट इधर से उधर कर सकते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि अब सपा रालोद गठबंधन के टूटने की औपचारिक घोषणा ही बाकी रह गई है। जयंत चौधरी पटना में आयोजित विपक्ष की रैली में आमंत्रण होने के बावजूद नहीं पहुंचे थे, जो संकेत दे रहे हैं कि खीर धीमी आंच पर पक रही है। खबर है कि भाजपा जयंत चौधरी को मथुरा के अलावा एक और सीट के साथ प्रदेश में एक मंत्री और केंद्र में एक मंत्री पद देने को तैयार है, लेकिन जयंत लोकसभा की दो से ज्‍यादा सीटों पर अपनी दावेदारी ठोंक रहे हैं।

यहीं आकर पेंच फंस रहा है। भाजपा रालोद को दो से ज्‍यादा सीटें देने को तैयार नहीं है, क्‍योंकि उसकी नजर सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर पर भी है। यह गठबंधन हो जाता है तो एक सीट उन्‍हें भी देनी पड़ सकती है। भाजपा किसी भी स्थिति में पांच-छह सीटों से ज्‍यादा सहयोगी दलों को देने को तैयार नहीं है। अपना दल के पास दो सीटें हैं। भाजपा रालोद को भी दो सीटें देने को तैयार है। सुभासपा के शामिल होने पर उसे गाजीपुर या मऊ की सीट दी जा सकती है। निषाद पार्टी का दावा संतकबीरनगर सीट पर पहले से ही है।

नरेंद्र मोदी-अमित शाह की नजर दलित नेता चंद्रशेखर आजाद पर भी है। मोदी और शाह यूपी में सभी 80 सीटें जीतने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। इसलिए विधानसभा चुनाव में विरोधी रहे दलों को लोकसभा चुनाव से पहले किसी भी कीमत पर जोड़ना चाहते हैं। अगर पश्चिमी यूपी में जाट के साथ दलित वोट जुड़ जाएं तो इस इलाके में एनडीए को हराना किसी भी दल के लिए मुश्किल होगा। भाजपा इसी समीकरण की तैयारी कर रही है। नगीना सुरक्षित सीट भाजपा चंद्रशेखर को देने को राजी हो सकती है, क्‍योंकि चंद्रशेखर इस सीट पर लंबे समय से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+