Hinduphobia: पाकिस्तान का हिन्दू फोबिया अब वेब सीरीज में
कश्मीर फाईल्स फिल्म का जवाब देने के लिए भारत के सेक्युलर नेताओं और फिल्मकारों के बयानों के आधार पर पाकिस्तान ने आठ एपिसोड की एक वेब सीरीज 'सेवक-द कन्फेशन' बना दी है, जिसमें हिन्दुओं को आतंकवादी दिखाया गया है।

Hinduphobia: भारत के ही राजनीतिज्ञ और फिल्मकार पाकिस्तान को भारत के खिलाफ मसाला उपलब्ध करवाते रहते हैं| पाकिस्तान उसी मसाले का भारत और भारतीयों की छवि खराब करने के लिए इस्तेमाल करता रहा है| कश्मीर से 370 हटाए जाते समय लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कह दिया था कि कश्मीर क्योंकि भारत और पाकिस्तान में विवाद का मुद्दा है, तो भारत कश्मीर की स्थिति में एकतरफा बदलाव कैसे कर सकता है| पाकिस्तान के मीडिया ने इसे खूब प्रचारित किया था और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने इसे संयुक्त राष्ट्र में भुनाया था|

कुछ दिनों बाद राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिख दिया था कि जम्मू कश्मीर में मानवाधिकारों का हनन हो रहा है, तो पाकिस्तान ने इस मुद्दे को राहुल गांधी के हवाले से संयुक्त राष्ट्र को चिठ्ठी लिख कर बताया था कि भारत के ही नेता कह रहे हैं कि कश्मीर में मानवाधिकारों का हनन हो रहा है| फिल्म अभिनेता आमिर खान और नसीरुद्दीन शाह ने जब कहा था कि उन्हें भारत में डर लगता है, तो पाकिस्तान ने उनके इन बयानों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठा कर भारत की छवि खराब की थी|
अब पाकिस्तान ने "द कश्मीर फाईल्स" के खिलाफ भारत में शोर मचाने वाले फिल्मकारों और राजनीतिक नेताओं से प्रेरणा लेकर दुनिया भर में भारत और हिन्दुओं को बदनाम करने के लिए जवाबी वेब सीरीज बना दी है| कश्मीर फाईल्स में बताया गया था कि पाकिस्तान ने किस तरह घाटी को हिन्दू मुक्त करने की साजिश रची थी, कैसे पाकिस्तान की साजिश में शामिल हो कर कश्मीर के मुसलमानों ने मस्जिदों से लाउड स्पीकरों पर हिन्दुओं को अपनी औरतें छोड़ कर कश्मीर से भाग जाने या मरने के लिए तैयार रहने को कहा था| कश्मीरी पंडितों को डराने के लिए किस तरह उनके नेताओं की हत्याएं शुरू हुई थीं|
अनेक पाकिस्तान परस्त फ़िल्मी हस्तियों के अलावा कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों ने द कश्मीर फाईल्स फिल्म को हकीकत से परे प्रोपोगंडा बताया था| जबकि फिल्म के लेखक और निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने ऐसे अनेक दस्तावेजी सबूत सामने रख दिए, जो उनकी फिल्म की कहानी की पुष्टि करते हैं| इसके बावजूद कांग्रेस के कई नेता और पाकिस्तान परस्त फिल्मकारों ने एक एजेंडे के तहत द कश्मीर फाईल्स का विरोध जारी रखा हुआ है|
अब कश्मीर फाईल्स का जवाब देने के लिए कांग्रेस के नेताओं के बयानों के आधार पर आठ एपिसोड की वेब सीरीज बना दी है, जिसमें हिन्दुओं को आतंकवादी दिखाया गया है| यूपीए शासनकाल में कांग्रेस ने भारत में हो रही कई वारदातों के पीछे भगवा आतंकवाद और हिन्दू आतंकवाद का आरोप लगाया था| यहाँ तक कि मुम्बई में हुए 26/11 के पाकिस्तानी आतंकवादी हमले को भी हिन्दू आतंकवाद बताने की कोशिश की गई थी, क्योंकि उस आतंकी हमले में उस पुलिस अफसर हेमंत करकरे की मौत हो गई थी, जिसने हिन्दू आतंकवाद की थ्योरी को साबित करने के लिए कांग्रेस की मदद की थी| मुम्बई के आतंकी हमले को हिन्दू आतंकवाद बताने वाली एक मुस्लिम लेखक की किताब का विमोचन कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने किया था| यूपीए सरकार के गृहमंत्री पी.चिदंबरम ने खुद 25 अगस्त 2010 को पुलिस अधिकारियों के एक सम्मेलन में हिन्दू आतंकवाद शब्द का इस्तेमाल किया था|
उन्होंने 2006 में महाराष्ट्र के मालेगांव शहर में विस्फोट, समझौता एक्सप्रेस में विस्फोट, हैदराबाद में मक्का मस्जिद विस्फोट और 2007 में अजमेर शरीफ दरगाह में हुए बम विस्फोटों को हिन्दू आतंकवाद करार दिया था| तब साध्वी प्रज्ञा और कर्नल पुरोहित समेत कई हिन्दू गिरफ्तार भी किए गए थे, इन्हें हेमंत करकरे ने यातनाएं देकर यह कबूल करने का दबाव बनाया था कि वे बम विस्फोटों में शामिल होने की बात कबूल करें| लेकिन हिन्दू आतंकवाद की कोई भी कहानी अदालत में टिक नहीं पाई|
एक कहानी यह भी थी मालेगांव में बम विस्फोट के लिए इस्तेमाल किया गया स्कूटर साध्वी प्रज्ञा का था, पाकिस्तान की वेब सीरीज में स्कूटर की वह कहानी भी दिखाई गई है| कांग्रेस की बनाई भगवा आतंकवाद की उन्हीं झूठी कहानियों को ही पाकिस्तान की हिन्दू विरोधी वेब सीरीज का स्क्रिप्ट बनाया गया है| इस वेब सीरीज के माध्यम से पाकिस्तान ने हिन्दुओं को पूरी दुनिया में बदनाम करने की साजिश रची है| सीरीज का नाम "द कश्मीर फाईल्स" की तर्ज पर ही रखा गया है 'सेवक-द कन्फेशन' , जिसका ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ और इसके एपिसोड अब यूट्यूब पर भी मौजूद हैं|
इस शो के जरिए जानबूझकर पूरी दुनिया में हिन्दुओं की इमेज खराब की जा रही है| पाकिस्तान के पत्रकार गुलाम अब्बास शाह ने अपने ट्विटर हेंडल पर आठ एपिसोड की इस वेब सीरीज को एक बोल्ड शो बताते हुए लिखा है कि यह दीप संधू, गौरी लंकेश, हेमंत करकरे, ग्राहम स्टेंस, जुनैद खान के जीवन के इर्दगिर्द घूमती है| वेब सीरीज में सिख विरोधी दंगे, बाबरी ढांचा टूटने की घटना, गुजरात के दंगे, मालेगांव में बम विस्फोट में कथित तौर पर हिन्दुओं के शामिल होने जैसी अनेक कहानियाँ शामिल की गई हैं| गुलाम अब्बास शाह पाकिस्तान में भारत के एक टीवी चैनल का रिपोर्टर है| 'सेवक-द कन्फेशन' के ट्रेलर में हिंदू संतों को अपराधी की तरह दिखाया गया है और इन्हीं वजहों से भारत में लोग सोशल मीडिया पर इस शो के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं|
यह भी पढ़ें: IFFI Award for Cinema Bandi: फिल्म फेस्टिवल में कश्मीर फाइल्स से श्रेष्ठ क्यों घोषित हुई "सिनेमाबंडी"?
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं. लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)












Click it and Unblock the Notifications