Baloch People: ईरान-पाकिस्तान में संघर्ष के बीच पिस रहे हैं बलूच

Baloch People: पाकिस्तान और ईरान के बीच टकराव की संक्षिप्त कहानी यह है कि घोषित रूप से ईरान ने पाकिस्तान स्थित बलूची आतंकवादी ग्रुप जैश अल अदल के दो ठिकानों को नष्ट करने के लिए हमले किए, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने ईरान के अंदर अलगाववादी आतंकवादियों पर हमले कर दिए।

एक दूसरे पर हमले के साथ तेहरान और इस्लामाबाद ने अपने-अपने राजदूत वापस बुला लिए। दोनों देशों की आपसी सीमा 900 किमी लंबी है और दोनों तरफ अब भी तनाव है। लेकिन दोनों के बीच कोई पहली बार झड़प नहीं हुई है।

Baloch People are being crushed between Iran-Pakistan conflict

एक साल के अंदर ही दोनों तरफ से कई आतंकवादी हमले हुए हैं। दिसंबर 2023 में ही जैश अल-अदल ने दक्षिणपूर्वी सीमा प्रांत स्थित ईरानी शहर रस्क में एक पुलिस स्टेशन पर हमला कर 11 सुरक्षा कर्मियों को मार डाला था। जून 2023 में पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर ने यह आरोप लगाया था कि बलूचों ने धावा बोलकर दो पाकिस्तानी सैनिकों की हत्या कर दी।

अप्रैल 2023 में भी आईएसपीआर ने यही कहा था कि ईरान के हमलावरों ने केच जिले के जलगाई सेक्टर में गश्ती कर रहे चार सैनिकों की हत्या कर दी। सितंबर 2021 में भी पाकिस्तान ने दावा किया था कि ईरान की ओर से सीमा पार से की गई गोलीबारी में एक सैनिक की मौत हो गई।

ईरान और पाकिस्तान के बीच तनाव और सहयोग दोनों का इतिहास रहा है। दोनों ओर से दहशतगर्दी के लिए बलूच विद्रोहियों को ही दोषी बताया जा रहा है। ईरान विरोधी बलूच आतंकवादी समूह जैश अल-अदल पर पकिस्तान में पनाह लेने का आरोप लग रहा है तो सरमाचर बलूच ईरान की भूमि से पाकिस्तान के खिलाफ हमले के लिए जिम्मेदार ठहराए जा रहे हैं।

हमले दोनों तरफ से हो रहे हैं, इसलिए दोनों देश अब एक दूसरे पर हमलावर होने की भूमिका में है। कभी ईरान और पाकिस्तान मिलकर भारत और अमेरिका के खिलाफ कूट रचनाएं रचते रहे हैं। ईरान ने भारत के खिलाफ 1965 और 1971 के युद्ध में पाकिस्तान की खुलकर सहायता की थी।

अयातुल्ला खुमैनी ने ईरान में अति-रूढ़िवादी शिया शासन को स्थापित किया तो उसी समय पाकिस्तान सैन्य तानाशाह जनरल जिया-उल-हक ने सुन्नी-बहुसंख्यक नजरिए के साथ पाकिस्तान का इस्लामीकरण किया। 1979 के बाद पाकिस्तान और ईरान के बीच अविश्वास की एक दीवार खड़ी हुई, जिसका मुख्य कारण अमेरिका रहा। इस्लामाबाद अमेरिका का सहयोगी बन गया और तेहरान अमेरिका का विरोधी। 9/11 के बाद यह खाई और चौड़ी हो गई जब पाकिस्तान ने अपने यहाँ अमेरिकी फौज को मिलिट्री बेस प्रदान कर आतंकवाद के खिलाफ बड़े ऑपरेशन चलवा दिए।

इसके अलावा अरब देशों के साथ पाकिस्तान के बढ़ते रणनीतिक संबंधों ने भी ईरान को पाकिस्तान से दूरी बढ़ाने में मदद की। फिर अफगानिस्तान से सोवियत सेना की वापसी के बाद तो पाकिस्तान और ईरान एक दूसरे के सामने खड़े हो गए। 1998 में मजार-ए-शरीफ में कट्टरपंथी सुन्नी मिलिशिया द्वारा शिया हजारा और आठ ईरानी राजनयिकों की हत्या के बाद दोनों देश मे एक बार युद्ध की स्थिति बन गई थी। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की जब-जब सरकार रही, ईरान के साथ दोस्ती आगे बढ़ाने का प्रयास हुआ, लेकिन नवाज शरीफ की पार्टी के दौर में अरब देशों के साथ संबंध सुधारने में ईरान को नजरअंदाज किया गया।

लगभग 900 किलोमीटर लंबी ईरान-पाकिस्तान सीमा, जिसे गोल्डस्मिथ लाइन भी कहा जाता है, पर दोनों तरफ मुख्य रूप से बलूच रहते हैं। उनकी संख्या लगभग 90 लाख है। एक तरफ पाकिस्तानी प्रांत बलूचिस्तान है तो दूसरी तरफ ईरानी प्रांत सिस्तान। बलूच आज भी कबीलाई जिंदगी बसर कर रहे हैं। पाकिस्तान में पंजाबी मुसलमानों के मुकाबले वे जातीय अल्पसंख्यक समूह हैं।

ईरान में जो बलूच हैं वे वहाँ भी अल्पसंख्यक हैं और उनके सुन्नी होने के कारण ईरान के शासकों द्वारा उन्हें खूब सताया जाता है। ईरान में बलूच आबादी का 80 प्रतिशत हिस्सा गरीबी रेखा के नीचे है। बलूच क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है, लेकिन बलूच गरीब है। पाकिस्तान और चीन ने इस क्षेत्र में बेल्ट एंड रोड जैसी बड़ी परियोजना शुरू की है, पर इससे बलूचों को कोई फायदा नहीं हुआ है। लगातार हाशिए पर रखे जाने के कारण इस क्षेत्र में विद्रोह की आग सुलग रही है और "ग्रेटर बलूचिस्तान" राष्ट्र की मांग की जाने लगी है।

सैन्य और नागरिक ठिकानों पर विद्रोही गतिविधियाँ चलती रहती हैं और इसी क्रम में बलूच सीमा के आर-पार जाते रहते हैं। ईरान सक्रिय सुन्नी इस्लामवादी जैश अल-अदल को आतंकवादी संगठन मान कर उनके खिलाफ हमले कर रहा है तो पाकिस्तान बलूच लिबरेशन आर्मी और बलूच लिबरेशन फ्रंट को निशाना बना रहा है। ईरान और पाकिस्तान के बीच पहले भी बलूच विद्रोह से निपटने के लिए सहयोग की वार्ता हो चुकी है। पर दोनों देश एक-दूसरे पर आतंकवादियों को पनाह देने और समर्थन करने का आरोप भी लगा रहे हैं।

हालांकि न तो पाकिस्तान और न ही ईरान इस संघर्ष को और बढ़ाना चाहेंगे, क्योंकि दिवालिया होने की कगार पर खड़ा पाकिस्तान किसी युद्ध का खर्च सम्हालने की स्थिति में नहीं है। ईरान भी एक साथ कई फ्रंट पर उलझा हुआ है। लाल सागर में वह हूती विद्रोहियों का समर्थन कर रहा है तो गाजा में फिलिस्तीनियों का। कुछ कूटनीतिज्ञ ईरानी और पाकिस्तानी हमलों का उद्देश्य अपने दुश्मनों को उनके संबंधित क्षेत्रों में परेशानी पैदा करने से रोकने के लिए चेतावनी देना भी मानते हैं।

पाकिस्तान और ईरान के बीच पारस्परिक हमले पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया सधी हुई आई है। इसका मुख्य कारण यह है कि ईरान और पाकिस्तान के बीच कामकाजी संबंध अब भी कायम हैं और दोनों को मालूम है कि संघर्ष उनके हित में नहीं है।

पाकिस्तानी सेना का नेतृत्व कर रहे जनरल अपनी सीमाएं जानते हैं कि पाकिस्तानी क्षेत्र पर हमला होने पर वे घरेलू स्तर पर खड़े नहीं हो सकते। इसलिए अमेरिका संयम बरतने की सलाह देकर चुप हो गया है। पाकिस्तान अभी अफगानिस्तान की सीमा पार से हो रहे हमलों का ही जवाब नहीं दे पाया है। उसकी अर्थव्यवस्था की स्थिति चिंताजनक तो है ही, देश के अंदर भी घोर असंतोष है, ऐसे में वह भी ईरान से लंबी लड़ाई नहीं चाहेगा।

ऐसे में बलूच नेता हर्बयार मरी की बात भी सही भी हो सकती है। हर्बयार मरी ने दावा किया है कि ईरान और पाकिस्तान बहुत सुनियोजित तरीके से बलूच राष्ट्रवादियों को खत्म करना चाहते हैं। कारण चाहे जो हो लेकिन ईरान-पाकिस्तान के इस ताजा संघर्ष की कीमत बलूच लोग ही चुका रहे हैं।

(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं. लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+