Asia Cup Cricket: सिराज की सुनामी और विराट का तूफान, भारत के लिए शुभ ही शुभ है

"ओके गूगल, मोहम्मद सिराज को प्ले करें, "क्षमा करें, मोहम्मद सिराज को नहीं खेल सकते!" पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर का ये ट्वीट फाइनल में मोहम्मद सिराज की कमाल की बॉलिंग का निचोड़ है।

क्रिकेट जैसे खेल में जुमले खूब चलते हैं। जैसे वसीम जाफर मज़े ले रहे हैं, उसी तरह दिल्ली पुलिस के ट्विटर हैंडल ने जनभावना को समझते हुए लिखा कि 'आज सिराज का स्पीड को लेकर कोई चालान नही होगा'। श्रीलंका में आयोजित एशिया कप में भारत की जीत ने सबको खुश होने का मौका दे दिया है।

Mohammed Siraj

जीत और वो भी क्रिकेट में, इस उपमहाद्वीप में दुखों को भुलाने का शगल रहा है। स्वतंत्रता के बाद से जब देश में संकट और अभाव थे, क्रिकेट और सिनेमा ही लोगों को सुकून देते रहे हैं। लेकिन कभी कभी जीत इतनी बड़ी और एकतरफा हो जाती है कि जीत की खुशी भी संघर्ष का पहाड़ नहीं चढ़ पाती।

भारतीय टीम पाकिस्तान को 228 रन से हरा दे, फाइनल में पहुंचे तो मेहमान टीम को पचास रन पर समेट दे, उनकी आधी टीम खाता भी ना खोल पाये। बहुत कम मौके आते हैं, जब कोई अतंरराष्ट्रीय टीम पचास पर आउट हो जाये, वो भी श्रीलंका जैसी टीम, जिन्होंने 6 बार ये ट्रॉफी जीती है।

लेकिन इस बार सिराज की सुनामी ऐसी चली कि श्रीलंकाई बह गये। सिराज ने सिर्फ 16 गेंद फेंकी और पहले 5 विकेट उनकी झोली में आ गये। श्रीलंका के लिए ये हार मामूली नहीं है। यह हार सालों साल तक श्रीलंका टीम को सतायेगी। इस सीरिज में वो रिकार्ड्स बने हैं, जो किसी भी टीम को मुंह चिढाते रहेंगे।

वनडे के किसी भी टूर्नामेंट के फाइनल में सबसे कम स्कोर अब श्रीलंका के नाम पर दर्ज हो गया है। साल 2000 में भी उनकी ही टीम ने फाइनल मैच में सिर्फ 54 रन बनाये थे, इस बार 50 पर ही सिमट गए। वनडे फाइनल में सबसे कम ओवर्स खेलने का रिकॉर्ड भी अब श्रीलंकाइयों के नाम पर दर्ज हो गया है, इस बार वो सिर्फ 15.2 ओवरों में ही सिमट गए।

इस शर्मनाक हार पर सोशल मीडिया पर मीम तो बन ही रहे हैं, लेकिन सिराज ने अपने को मिला मैन ऑफ द मैच का इनाम भी स्टेडियम के ग्राउंड्समैन के हवाले कर दिया। पूरा टूर्नामेंट देखा जाये तो भारत ने अपनी ताकत दिखा दी। पाकिस्तान के साथ पहला मैच बारिश में धुल गया, लेकिन दूसरे मैच में पाकिस्तान को धो दिया। लोग ये सोच कर चल रहे थे कि फाइनल मैच में तो मेजबान श्रीलंका का दम देखने को मिलेगा, लेकिन सिराज ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर कर भारतीयों को झूमने का मौका दे दिया।

असल में क्रिकेट का यह एशिया कप अंतरराष्ट्रीय मैच लगा ही नहीं। जिस स्कोर तक पहुचने में श्रीलंकाइयों ने 92 गेंद खेली, भारत की तरफ से शुभमन गिल और इशान किशन ने 37 गेंद में दनादन चौके लगाकर कप जीत लिया। पूरे टूर्नामेंट में तगड़ी टीमों ने जीत दर्ज की लेकिन कमजोर टीमें जैसे अफगानिस्तान, नेपाल, और बांग्लादेश ने भी हाथ दिखाये। नेपाल की टीम ने लीग मैच में भारत के खिलाफ 230 का स्कोर बनाया था। सुपर फोर के आखिरी मैच में बांग्लादेश ने भारत को हराया भी था, लेकिन फाइनल ने भारतीय टीम की सारी कमियां धो दी।

इस बार एशिया कप में सबसे ज्यादा चर्चा भारत पाकिस्तान के मैच की रही। सुपर फोर का मैच दो दिन चला। विराट की विराट पारी और लंबे समय के बाद के एल राहुल ने शतक जड़े, और आराम से चौके, छक्के लगाये। विराट का बैकफुट से मारा गया लॉन्ग ऑन पर छक्का कई दिन तक चर्चा में रहा। विराट कोहली जब प्रेमदासा स्टेडियम में उतरे तो रोहित शर्मा आउट हो कर वापस जा चुके थे। कोहली ने पाकिस्तान के गेंदबाजों द्वारा दी जाने वाली शुरुआती परीक्षा को देखते हुए सावधानी से अपनी पारी की शुरुआत की। हालाँकि, जैसे-जैसे समय गुजरा, उन्होंने अपनी बैटिंग की विशिष्ट सुंदरता और परिष्कार का प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।

विराट की यह बैटिंग किसी मास्टरक्लास से कम नहीं थी। यह संयम, लचीलेपन और समय पर आक्रामकता का प्रदर्शन था जिसने क्रिकेट प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कोहली की खूबी मैदान के हर हिस्से में शाट लगाने की है। हालांकि उस दिन उन्होंने मिड-विकेट क्षेत्र को निशाना बनाया, और 31 रन बटोरे, लेकिन बैटिंग में एक संगीतमय लय थी। फ्लिक शॉट लगाने और क्रीज की गहराई का फायदा उठाने में उनका कोई सानी नही, विकेटों के बीच उनकी अद्भुत दौड़, बार-बार एक को दो में बदलने से न केवल घड़ी टिक-टिक करती रही, बल्कि विरोधी क्षेत्ररक्षकों पर भी काफी दबाव बना।

केएल राहुल ने भी कमाल की वापसी की। उनके प्रदर्शन ने टीम इंडिया को एशिया कप के दौरान सबसे बड़ा फायदा दिलाया क्योंकि वह लंबी अनुपस्थिति के बाद फिर से टीम में वापसी कर रहे थे। चोट के कारण वह पहले दो मैचों में हिस्सा नहीं ले सके, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने विस्फोटक शतक जड़ा और भारतीय टीम पर दबाव काफी कम कर दिया। मध्यक्रम के बल्लेबाज और विकेटकीपर के तौर पर उन्होने भारत की दो चिंताओं को दूर कर दिया है।

इस टूर्नामेंट के दौरान भारत ने हर क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया। हर जीत में अलग-अलग खिलाड़ी खुद को हीरो साबित करते दिखे। रोहित शर्मा और शुभमन गिल की ओपनिंग जोड़ी ने कमाल दिखाया और हर मैच में बेहतर पारी खेली। गिल ने विपक्षी टीम के शीर्ष बॉलिंग आक्रमण को भी खत्म कर दिया। गिल ने लगभग हर मैच में अपने को साबित किया है। फिर भी एकमात्र मैच जिसमें भारत हारा वो था बांग्लादेश के खिलाफ़ जिसमें भारत 6 रन से हारा। लेकिन उस मैच में भी शुभमन गिल ने शतक लगाकर पूरी कोशिश की। 43 वें ओवर में यदि वो मेंहदी हसन की गेंद पर ऑउट ना होते तो भारत जीत जाता।

बहरहाल, एशिया कप की इस जीत में खास यह बात है कि भारत में 5 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे वनडे वर्ल्ड कप के लिए ये एक शुभ संकेत भी है। ऊपर से तुर्रा यह है कि भारत ने एशिया कप के हर डिपार्टमेंट में शानदार प्रदर्शन किया है।

इस जीत में टीम इंडिया को अपने कई सवालों के जवाब मिले हैं जिससे कि वर्ल्ड कप में टीम को मदद मिलेगी। ओपनिंग जोड़ी सेट है। रोहित-गिल का लय ताल सेट है। भारत दो पेसर, दो स्पिनर के साथ ही जायेगा इसकी पूरी संभावना है। तीसरे तेज़ गेंदबाज की भूमिका हार्दिक पंड्या पूरी करेंगे। वहीं, रवींद्र जडेजा स्पिन ऑलराउंडर के रूप में हैं ही।

वैसे भी आत्मविश्वास से भरी हुई टीम के बेहतर प्रदर्शन करने की संभावना बढ़ जाती है। उधर अपने फिरकी मास्टर कुलदीप यादव की चर्चा हर जुबां पर हैं। वह इस सीरीज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे और उन्होंने नौ विकेट लिए। ये भारतीय टीम के लिए शुभ संकेत है।

(लेखक वरिष्ठ स्पोर्ट्स पत्रकार और खेल विश्लेषक हैं।)

(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+