संदेशखाली: शेख शाहजहां की गिरफ्तारी पर भाजपा का आरोप, कहा-ममता पुलिस की सुरक्षित हिरासत में है टीएमसी नेता...
संदेशखाली यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के मुख्य आरोपी, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता शेख शाहजहां को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेख 55 दिनों से फरार थे। टीएमसी नेता की गिरफ्तारी के बाद भी सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्ष में बैठी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच जुबानी जंग जारी है।
जहां टीएमसी राजधर्म का पाठ पढ़ा रही है तो वहीं दूसरी ओर बीजेपी शेख गिरफ्तारी पर अपनी पीठ थपथपा रही है। टीएमसी ने बीजेपी को राजधर्म सीखने की बात कही तो बीजेपी ने शेख की गिरफ्तारी का श्रेय अपने नेताओं के प्रदर्शन को दिया। बीजेपी ने कहा कि यह कार्रवाई उनकी ओर से लगातार बनाए गए दबाव का नतीजा है।

शेख की गिरफ्तारी पर सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी पर साधा निशाना
इस बीच पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को दावा किया कि टीएमसी नेता शेख शाहजहां एक 'सौदे' के तहत 'ममता पुलिस की सुरक्षित हिरासत' में हैं। शेख शाहजहां को पश्चिम बंगाल पुलिस ने 'यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने' के आरोप में गुरुवार सुबह गिरफ्तार किया था। जिसके बाद सुवेंदु अधिकारी ने एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि शाहजहां को जेल में रहते हुए पांच सितारा सुविधाएं दी जाएंगी।
सुवेन्दु अधिकारी ने अपने पोस्ट में कहा, "संदेशखाली का बदमाश, शेख शाहजहां, कल रात 12 बजे से ममता पुलिस की सुरक्षित हिरासत में है। प्रभावशाली के माध्यम से ममता पुलिस के साथ सौदा करने में कामयाब होने के बाद, उसे बर्माजुर-द्वितीय ग्राम पंचायत क्षेत्र से दूर ले जाया गया। मध्यस्थों की पुलिस और न्यायिक हिरासत में रहते हुए उनकी उचित देखभाल की जाएगी।"
उन्होंने कहा, "सलाखों के पीछे रहने के दौरान उन्हें 5-सितारा सुविधाएं दी जाएंगी और एक मोबाइल फोन तक उनकी पहुंच होगी, जिसके माध्यम से वह वस्तुतः तोलामूल पार्टी का नेतृत्व करने में सक्षम होंगे।" अधिकारी ने आगे कहा, "अगर वह वहां कुछ समय बिताना चाहते हैं तो वुडबर्न वार्ड में एक बिस्तर भी उनके लिए तैयार और खाली रखा जाएगा।"
टीएमसी सांसद ने बीजेपी को दिया राजधर्म सिखने का ज्ञान
टीएमसी सांसद शांतनु सेन ने शाहजहां शेख की गिरफ्तारी पर कहा, ''यह गिरफ्तारी साबित करती है कि हमारी सरकार प्रशासनिक तरीके से राजधर्म का पालन करती है। हमने पार्थ चटर्जी और ज्योतिप्रिय मल्लिक के खिलाफ भी कार्रवाई की थी और इसी तरह हमने शेख के खिलाफ भी कार्रवाई की है। इस मामले में शिबू हाजरा और उत्तम सरदार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है।''
उन्होंने कहा, ''अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि कोर्ट के स्टे ऑर्डर के कारण पुलिस शाहजहां शेख को गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी। स्टे ऑर्डर आदेश हटने के 3-4 दिन के अंदर ही शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक तरफ बीजेपी शासित राज्यों में आरोपी नेता खुलेआम घूमते हैं और दूसरी तरफ हमारा प्रशासन आरोपी टीएमसी नेताओं को भी नहीं छोड़ता। बीजेपी को टीएमसी से राजधर्म सीखना चाहिए।"
बीजेपी ने शेख की गिरफ्तारी का क्रेडिट लिया
पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने शाहजहां शेख की गिरफ्तारी पर कहा, ''बीजेपी के लगातार आंदोलन के कारण यह सरकार शेख शाहजहां को गिरफ्तार करने के लिए मजबूर हुई। सरकार इनकार की मुद्रा में थी। वे कुछ भी स्वीकार नहीं कर रहे थे। मैंने पहले ही कहा था कि हम सरकार को शाहजहां शेख को गिरफ्तार करने के लिए मजबूर कर देंगे। आज भाजपा और संदेशखाली की महिलाओं के आंदोलन के कारण ममता बनर्जी सरकार शाहजहां शेख को गिरफ्तार करने के लिए मजबूर हुई हैं।"
शाहजहां की गिरफ्तारी कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश द्वारा शेख शाहजहां को संदेशखाली मामले में जोड़ने के आदेश के तीन दिन बाद हुई है।
26 फरवरी को कलकत्ता HC के जस्टिस ने मामले में नोटिस जारी करने को कहा था और कहा था, ''उन्हें गिरफ्तार न करने का कोई कारण नहीं है।'' शेख एक महीने से अधिक समय से राज्य और केंद्रीय एजेंसियों द्वारा गिरफ्तारी से बच रहा था।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में इस महीने टीएमसी के कद्दावर नेता शाहजहां शेख के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहा है, क्योंकि महिलाओं का एक वर्ग टीएमसी नेता द्वारा किए गए कथित अत्याचारों के खिलाफ न्याय की मांग कर रहा था।
संदेशखाली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने शाजहान शेख और उनके करीबी सहयोगियों पर जबरदस्ती जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications