TMC छोड़ BJP में शामिल होने वाले नेताओं का बंगाल चुनाव में कैसा रहा प्रदर्शन, जानें कहां-कहां खिला कमल
TMC छोड़ BJP में शामिल होने वाले नेताओं का बंगाल चुनाव में कैसा रहा प्रदर्शन, जानें कहां-कहां खिला कमल
नई दिल्ली, 03 मई: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस लगातार तीसरी बार चुनाव जीत गई है। टीएमसी 212 सीटों पर जीत गई है और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 77 सीटें मिली हैं। (03 मई दोपहर 1 बजे तक के आंकड़े) ममता बनर्जी की ये धमाकेदार जीत पश्चिम बंगाल में उन नेताओं के लिए झटका है जो चुनाव से पहले टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। चुनाव से पहले सुवेंदु अधिकारी, राजीव बनर्जी, रबींद्रनाथ भट्टाचार्य, रथिन चक्रवर्ती, वैशाली डालमिया और मिहिर गोस्वामी जैसे नेता टीएमसी को छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे। नंदीग्राम विधानसभा सीट से सुवेंदु अधिकारी और नाताबारी सीट से मिहिर गोस्वामी ने चुनाव में जीत दर्ज की है। ऐसे टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले अधिकत्तर नेताओं को करारी हार मिली है। आइए जानें टीएमसी छोड़ बीजेपी में शामिल होने वाले नेताओं का कैसा रहा प्रदर्शन?

- सुवेंदु अधिकारी: नंदीग्राम विधानसभा सीट से सुवेंदु अधिकारी ममता बनर्जी के खिलाफ चुनावी मैदान में थे। इस सीट से सुवेंदु अधिकारी 1956 सीटों के मामूली अंतर से जीते हैं। सुवेंदु अधिकारी को 110764 वोट मिले हैं और ममता को 108808 वोट मिले हैं।
- राजीव बनर्जी: पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री राजीव बनर्जी डोमजुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। इस सीट पर राजीव बनर्जी को आल इण्डिया तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कल्याण घोष ने कई हजार वोटों से हराया है। कल्याण घोष 130499 वोट मिले हैं और राजीव बनर्जी को 87879 वोट मिले हैं।
- रवीन्द्रनाथ भट्टाचार्य: सिंगुर से पूर्व विधायक रवीन्द्रनाथ भट्टाचार्य चुनाव के पहले टीएमसी छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे। सिंगुर विधानसभा सीट से ये चुनाव हार गए हैं। तृणमूल कांग्रेस के बेचाराम मात्रा ने रवीन्द्रनाथ भट्टाचार्य को हराया है। बेचाराम मात्रा को 101077 वोट मिले हैं और रवीन्द्रनाथ भट्टाचार्य 75154 वोट मिले हैं।
- रूद्रनील घोष: अभिनेता और नेता रुद्रानिल घोष हाल में भाजपा में शामिल हुए थे और भवानीपुर से चुनाव लड़े थे। रुद्रानिल घोष को भवानीपुर सीट से टीएमसी के शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने हराया है। शोभनदेव चट्टोपाध्याय को 73505 वोट मिले हैं। वहीं रूद्रनील घोष 44786 वोट मिले।
- रथिन चक्रवर्ती: चुनाव से पहले रथिन च्रकवर्ती टीएमसी छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये थे। रथिन चक्रवर्ती को क्रिकेटर से नेता बने मनोज तिवारी ने शिवपुर सीट से चुनाव हराया है। मनोज तिवारी को 92372 वोट मिले हैं और रथिन चक्रवर्ती को 59769 वोट मिले हैं। रथिन चक्रवर्ती हावड़ा के पूर्व महापौर थे।
- मिहिर गोस्वामी: चुनाव से कुछ महीने पहले ही मिहिर गोस्वामी भारतीय जनता पार्टी शामिल हो गए थे। नाटाबारी सीट से मिहिर गोस्वामी ने तृणमूल उम्मीदवार रबींद्रनाथ घोष को हरा दिया है। 111743 वोटों के साथ मिहिर गोस्वामी नाटाबारी से जीत गए हैं। टीएमसी के रबींद्रनाथ घोष को 88303 वोट मिले हैं।
- वैशाली डालमिया: वैशाली डालमिया भी चुनाव से ठीक पहले टीएमसी छोड़ बीजेपी में शामिल हुई थीं। वैशाली डालमिया बाली सीट से 47110 वोट पाकर चुनाव हार गई हैं। इस सीट से टीएमसी की राणा चटर्जी 53347 वोट पाकर चुनाव जीत गई हैं।
- मुकुल रॉय: 2017 में भाजपा में शामिल हुए पार्टी उपाध्यक्ष मुकुल रॉय कृष्णानगर विधानसभा सीट से चुनाव जीत गए हैं। मुकुल रॉय ने टीएमसी उम्मीदवार कौशानी मुखर्जी को लगभग 35 हजार वोटों से हराया है। मुकुल रॉय को 109357 वोट मिले थे। बल्कि कौशानी मुखर्जी को 74268 वोट मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications