सौरव गांगुली को जन्मदिन की बधाई देने उनके घर पहुंची ममता बनर्जी, पत्नी डोना से भी मिलीं
कोलकाता, 8 जुलाई: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली से मुलाकात की है। भारत की क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और सबसे सफल बल्लेबाजों में शुमार सौरव गांगुली आज (8 जुलाई) अपना 49वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी कोलकाता में उनके घर पहुंची और फूलों का गुलदस्ता देते हुए उनको जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। बता दें कि सौरव गांगुली कोलकाता के रहने वाले हैं।

ममता बनर्जी के सौरव गांगुली और उनके परिवार से अच्छे रिश्ते रहे हैं। हर साल ही वो सौरव गांगुली को जन्मदिन की बधाई देती रही हैं। हालांकि ये पहली बार है जब वो खुद सौरव के घर गई हों। ममता बनर्जी ने गुरुवार दोपहर को सौरव गांगुली और उनके परिवार के साथ करीब 45 मिनट गुजारे। इस दौरान वो सौरव गांगुली की पत्नी डोना से भी मिलीं। जानकारी के मुताबिक, डोना ने एक साड़ी भी ममता बनर्जी को गिफ्ट की है।
इस साल जनवरी में सौरव गांगुली को दिल का दौरा पड़ा था और वो अस्पताल में भर्ती रहे थे। इस दौरान भी ममता बनर्जी उन्हें देखने अस्पताल गई थीं। इसके बाद भी ममता बनर्जी ने लगातार उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली। अब एक बार फिर ममता बनर्जी ने सौरव गांगुली से मुलाकात की है।

कई तरह की अटकलें भी शुरू
सौरव गांगुली के बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद से लगातार ये कहा जा रहा था कि उनकी भाजपा के साथ नजदीकी बढ़ गई है। इस साल हुए बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले तो कई बार इस तरह की खबरें आईं कि सौरव भाजपा में शामिल हो सकते हैं और उनको सीएम फेस भी बनाया जा सकता है। हालांकि ने राजनीति में आने से इनकार कर दिया था। अब जिस तरहसे ममता बनर्जी उनसे मिलने पहुंची हैं, उसने एक बार फिर कई तरह की अटकलों को जन्म दे दिया है।












Click it and Unblock the Notifications