'TMC ने रामनवमी समारोह रोकने की साजिश रची', बंगाल में बरसे PM मोदी
लोकसभा चुनाव के अब तीन दिन ही शेष बचे हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल प्रचार प्रसार में लगे हैं। इसी कड़ी में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पश्चिम बंगाल के बालुरघाट पहुंचे। यहां सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की पीएम मोदी ने जमकर आलोचना की। साथ ही टीएमसी पर रामनवमी समारोह को रोकने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
पीएम मोदी ने कहा कि यह पहली रामनवमी है, जब रामलला को अयोध्या में भव्य मंदिर में विराजमान किया गया है। मैं जानता हूं कि टीएमसी ने हमेशा की तरह यहां रामनवमी समारोह को रोकने की पूरी कोशिश की और कई साजिशें रचीं।

आगे कहा कि लेकिन, केवल सच्चाई की जीत होती है। इसलिए, अदालत द्वारा अनुमति दी गई है और कल रामनवमी जुलूस पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाला जाएगा। मैं इस अवसर पर बंगाल के अपने सभी भाइयों और बहनों को बधाई देता हूं।
पीएम मोदी ने किया कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश का जिक्र
पीएम मोदी सोमवार को कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश का जिक्र कर रहे थे, जिसमें विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) को जुलूस निकालने की अनुमति दी गई थी। हावड़ा शहर में रामनवमी पर कुछ शर्तें लगाते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि कार्यक्रम बिना किसी तनाव के संपन्न हो। याचिकाकर्ताओं ने शिबपुर IIEST के पास से हुगली के तट पर रामकृष्णपुर फेरी घाट तक जुलूस की अनुमति देने का अनुरोध किया था।
न्यायमूर्ति जय सेनगुप्ता ने जुलूस की अनुमति देते हुए कहा कि कोई भी उत्तेजक नारे नहीं लगाए जाएंगे और बुधवार को पड़ने वाली रामनवमी के दिन इसे रास्ते में बिना रुके आगे बढ़ना होगा।












Click it and Unblock the Notifications