एक बार फिर से हिंसा की आग में उबला बंगाल, ममता के खिलाफ भाजपा नेताओं का हल्लाबोल
West Bengal Violence: पश्चिम बंगाल के हावड़ा में गुरुवार को रामनवमी के जुलूस के दौरान सांप्रदायिक झड़पें हुईं। इलाके में दंगा नियंत्रण बल सहित भारी पुलिस तैनाती के बावजूद घटना की सूचना दी गई थी।

Violence In Howrah: पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रामनवमी के मौके पर हुई हिंसा के बाद सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जहां इसके लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है वहीं भाजपा नेताओं ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा की लॉकेट चटर्जी, सुवेंदु अधिकारी से लेकर अनुराग ठाकुर ने ममता बनर्जी पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया है। इन नेताओं ने बंगाल में कानून व्यवस्था पर चिंता भी जाहिर की। इस हिंसा में अब तक 39 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
सबसे पहले क्या है मामला?
हावड़ा शहर में काजीपाड़ा इलाके के आसपास रामनवमी की शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान दो समूहों के बीच गुरुवार (30 मार्च) को झड़प हो गई थी। इसके बाद पुलिस बल की भारी तैनाती के बीच शुक्रवार को इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण है। हिंसा के दौरान कई दुकानों और ऑटो-रिक्शा में तोड़फोड़ की गई, जबकि कुछ पुलिस वाहनों सहित कई कार में आग लगा दी गई। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने बल का इस्तेमाल किया।
सुवेंदु बोले- हिंदुओं को अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा
पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पुलिस अपना काम नहीं कर रही है। वे मूक दर्शक हैं। वे कुछ नहीं कर रहे हैं। हिंदुओं के सभी घरों में तोड़फोड़ की गई है। काजीपारा इलाके के सभी हिंदुओं को अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा। उन्होंने कहा कि मैं घायलों से मिलूंगा और उसके बाद पुलिस कमिश्नर से मिलूंगा। पुलिस कमिश्नर ने मुझसे मिलने से इनकार कर दिया था। मैंने शाम 4 बजे का समय मांगा था लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि सीएम ने हमें किसी से मिलने का निर्देश नहीं दिया है। लेकिन मैं वहां जाऊंगा और अपने साथ कल की घटना की सीडी लेकर जाऊंगा।
सुवेंदु अधिकारी ने दायर की जनहित याचिका
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मैंने आज कलकत्ता में माननीय उच्च न्यायालय में हावड़ा और डालखोला में रामनवमी के जुलूसों पर हिंसा और हमले की घटनाओं के संबंध में एक जनहित याचिका दायर की है। मैंने एनआईए जांच और ऐसे क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की तत्काल तैनाती के लिए प्रार्थना की है।
बंगाल में हिंदुओं का जीवन खतरे में: लॉकेट चटर्जी
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में कल और आज हुई हिंसा पर भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने कहा कि यह बहुत ही निराशाजनक है। हर रामनवमी और दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान बंगाल से इस तरह के दृश्य सामने आते हैं। यह स्वीकार्य नहीं है कि बंगाल में हिंदुओं का जीवन खतरे में है। कल हावड़ा में हिंसा, ममता बनर्जी 30 घंटे के धरने पर बैठी थीं। उन्होंने क्या कहा? रमजान के दौरान मुसलमान अच्छे से रहते हैं। क्या यह इसका उदाहरण है? वह वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के लिए मुसलमानों के साथ हैं।
ममता बनर्जी इस्तीफा दें: लॉकेट चटर्जी
भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने आगे कहा कि ममता बनर्जी को इस्तीफा दे देना चाहिए। वह सीएम भी हैं और गृहमंत्री भी और वह इसे रोकने में असमर्थ हैं। यह एक के बाद एक हो रहा है। इसकी एनआईए द्वारा जांच की जानी चाहिए।
अनुराग ठाकुर ने बोला ममता बनर्जी पर हमला
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में कल और आज हुई हिंसा पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि.ममता बनर्जी के शासन के दौरान पत्रकारों पर हमले हुए, रामनवमी के जुलूसों के दौरान पथराव किया गया। अगर पत्रकार हिंसा का शिकार हो रहे हैं और राज्य सरकार बनी हुई है। मूक दर्शक इससे बड़ी शर्मनाक बात और क्या हो सकती है इसकी जितनी निंदा की जाए कम है।












Click it and Unblock the Notifications