बंगाल: कूचबिहार की घटना पर पीएम मोदी ने जताया दुख, कहा- बीजेपी को समर्थन मिलता देख TMC के गुंडे हैरान
कोलकाता: केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और असम में मतदान खत्म हो चुके हैं, जिस वजह से अब सभी पार्टियों का फोकस बंगाल पर है, क्योंकि वहां पर अभी भी 4 चरणों के चुनाव बाकी हैं। वहीं सत्ता पाने के लिए बीजेपी हाईकमान ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, जिस वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शनिवार को बंगाल पहुंचे और शिलिगुड़ी में रैली की। इससे पहले बागडोबरा एयरपोर्ट पर पीएम ने पद्म अवॉर्ड विजेता करीमुल हक से मुलाकात की। करीमुल को 'बाइक एंबुलेंस दादा' के नाम से भी जाना जाता है, जो मरीजों को अपनी खास मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचाते हैं।

Recommended Video
सबसे पहले पीएम ने कूचबिहार में शनिवार को हुई हिंसा पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि ये बहुत ही दुखद घटना है। मेरी सहानुभूति उन लोगों के परिवारों के साथ है जो मारे गए, मैं उनके निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। दीदी और उनके गुंडे बीजेपी के प्रति लोगों के समर्थन को देखकर हैरान हैं। शिलिगुड़ी में भी वो अपनी कुर्सी खिसकते देख सकते हैं। मैं दीदी, टीएमसी और उनके गुंडों को स्पष्ट रूप से बताना चाहूंगा कि उनके तरीकों को बंगाल में काम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मैं चुनाव आयोग से कूचबिहार में घटना के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह करता हूं।
पीएम ने आगे कहा कि दीदी, ये हिंसा, लोगों को सुरक्षा बलों पर हमला करने के लिए उकसाने की रणनीति, मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने की रणनीति, आपकी रक्षा नहीं करेगी। ये हिंसा आपको अपने 10 साल के बीमार शासन से नहीं बचा सकती है। ये उस तरह का राजनीतिक माहौल बदलने का समय है, जो पिछले कई दशकों से बंगाल में बना हुआ है। अब 'तोलबाज राज' मुक्त बंगाल का निर्माण होगा। पीएम मोदी के मुताबिक दीदी अपनी रैलियों में अपने छप्पा वोट गैंग को ट्रेनिंग देने लगी हैं कि कैसे सुरक्षाबलों का घेराव करना है, कैसे उनको पीटना है और कैसे बूथ पर हमला करना है। देश के बहादुर सुरक्षाबल आतंकवादियों, नक्सलियों से नहीं डरते तो आपके पाले-पोसे गुंडों और आपकी धमकियों से डरेंगे क्या?
'अनुसूचित जाति का किया अपमान'
वहीं टीएमसी नेताओं के वायरल वीडियो पर प्रधानमंत्री ने कहा कि दीदी और TMC के नेताओं की सोच क्या है ये अब खुलकर सामने आ रहा है। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दीदी की करीबी एक नेता ने अनुसूचित जाति के लोगों का बहुत बड़ा अपमान किया है, उन्होंने कहा कि बंगाल में जो अनुसूचित जाति है, वो समुदाय भिखारियों की तरह व्यवहार करती है। मैंने सोशल मीडिया में एक और वीडियो देखा, जिसमें दीदी के करीबी, बंगाल के टूरिज्म मिनिस्टर और यहां पास के विधायक लोगों को धमका रहे थे। उन्होंने कहा कि BJP को वोट दिया तो लोगों को उठाकर बाहर फेंक दिया जाएगा। ये सब कुछ कैमरे में कैद है, ये गुंडागर्दी खुलेआम है।












Click it and Unblock the Notifications