अनंत-राधिका की शादी में शामिल होंगी ममता बनर्जी, मुंबई में उद्धव ठाकरे और शरद पंवार से भी करेंगी मुलाकात
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मुंबई में अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में शामिल होंगी। सीएम ममता बनर्जी ने गुरुवार को कोलकाता एयरपोर्ट पर समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए इसकी पुष्टि की। ममता ने कहा कि मैं भले ही अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में शामिल होने नहीं जा पाती। लेकिन नीता से लेकर मुकेश तक परिवार के सभी सदस्य मुझसे बार-बार शादी में शामिल होने का अनुरोध कर रहे हैं। इसलिए मैं जा रही हूं।
ममता बनर्जी मुंबई दौरे के दौरान इंडिया ब्लॉक के नेताओं शरद पवार और उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात करेंगी। वे 22 जुलाई से 12 अगस्त तक चलने वाले संसद के आगामी बजट सत्र में भाजपा की नीतियों का मुकाबला करने के लिए विपक्ष की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। ममता ने कहा मैं वहां शरद पवार और उद्धव ठाकरे से भी मिलूंगी।

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी के उत्सव की योजना पारंपरिक हिंदू वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार बनाई गई है। शादी समारोह के मुख्य कार्यक्रम 12 जुलाई को शुरू होंगे। शादी में शामिल होने के लिए मेहमानों का पहुंचना शुरू हो गया है। आशीर्वाद समारोह 13 जुलाई को होगा। शादी में अंतर्राष्ट्रीय हस्तियों और बॉलीवुड सुपरस्टार्स भी शामिल होकर प्रदर्शन करेंगे।
अनंत और राधिका ने रविवार को ग्रह शांति पूजा समारोह में हिस्सा लिया। गायिका निकिता वाघेला ने इंस्टाग्राम पर कार्यक्रम की झलकियां साझा की है। इसमें ग्रह शांति और मंडप मुहूर्त पूजा के क्षण दिखाए गए हैं।
अंबानी परिवार ने मुंबई में निवास एंटीलिया में हल्दी समारोह का आयोजन किया। इस समारोह में परिवार के करीबी सदस्य और बॉलीवुड की हस्तियां शामिल हुईं। मेहमानों में अनंत के चाचा और जाने-माने व्यवसायी अनिल अंबानी, उनकी पत्नी, पूर्व अभिनेता टीना अंबानी भी शामिल थी।
5 जुलाई को संगीत समारोह आयोजित किया गया। जिसमें कई मशहूर हस्तियों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में वैश्विक पॉप सनसनी जस्टिन बीबर ने प्रस्तुति दी। इस साल की शुरुआत में इस जोड़े ने जामनगर में प्री वेडिंग समारोह आयोजित किए थे। जिसमें दुनिया भर से कई मशहूर हस्तियां शामिल हुई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ममता बनर्जी 13 जुलाई को कोलकाता लौट आएंगी। कांग्रेस नेता शादी में मौजूद रहेंगे या नहीं। यह अभी साफ नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के भी शादी में शामिल होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications