Kolkata Case: CBI के शिकंजे में आए संदीप घोष, आरजी कर अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल गिरफ्तार
CBI arrests Sandeep Ghosh: कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं में कथित संलिप्तता के लिए संदीप घोष को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार कर लिया है। संदीप घोष पर साजिश, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं।
अस्पताल में लेडी डॉक्टर के रेप और मर्डर के बाद संदीप घोष ने आरजी कर के प्रिंसिपल पद से अपना इस्तीफा दिया था। ऐसे में अब सीबीआई ने दो सप्ताह से ज्यादा समय तक पूछताछ के बाद पूर्व प्रिंसिपल को देर शाम गिरफ्तार किया है।

पॉलीग्राफी टेस्ट भी कराया
पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को सीबीआई की विशेष अपराध शाखा से सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में ले जाया गया है।सीबीआई ने संदीप घोष का पॉलीग्राफी टेस्ट भी कराया है।
सीबीआई ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के साथ-साथ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और बेईमानी के आरोप लगाए हैं। ये मामले गैर-जमानती प्रकृति के हैं।
हाईकोर्ट के आदेश पर CBI ने केस हाथ में लिया
कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर केंद्रीय जांच एजेंसी ने कोलकाता पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच अपने हाथ में लेने के बाद एफआईआर दर्ज की थी। संदीप घोष ने फरवरी 2021 से सितंबर 2023 तक आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के प्रिंसिपल के रूप में कार्य किया। अक्टूबर 2023 में स्थानांतरित होने के बावजूद वह अप्रत्याशित रूप से एक महीने के भीतर अस्पताल में अपनी भूमिका में लौट आए।
9 अगस्त को हुई थी लेडी डॉक्टर से हैवानियत
मालूम हो कि संदीप घोष उस दिन तक पद पर बने रहे जब अस्पताल के एक सेमिनार हॉल के अंदर ट्रेनी डॉक्टर के साथ बेरहमी से बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। 9 अगस्त को मृतका का अर्ध-नग्न शव मिला, जिसके बाद देश भर में विरोध प्रदर्शन हुए और पश्चिम बंगाल में बवाल मच गया।












Click it and Unblock the Notifications