गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष बिनय तमांग ने पार्टी से दिया इस्तीफा, कहा- नया राजनीतिक सफर शुरू करूंगा
कोलकाता, जुलाई 15। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद से सियासी समीकरण लगातार बदल रहे हैं। कांग्रेस, बीजेपी और टीएमसी के साथ-साथ अन्य क्षेत्रीय दलों के नेता भी पार्टी छोड़-छोड़कर जा रहे हैं। इस बीच गुरुवार को राज्य में गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष बिनॉय तमांग ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। पार्टी के महासचिव अनिल थापा ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को केंद्रीय कार्य समिति की बैठक आयोजित की गई है।

मैं नया राजनीतिक सफर शुरू करना चाहता हूं- तमांग
अपने इस्तीफे की जानकारी देते हुए बिनय तमांग ने कहा कि मैंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन मैं राजनीति नहीं छोड़ रहा हूं, हम देखेंगे कि मेरा राजनीतिक सफर कैसा होता है। मैं एक नया राजनीतिक सफर शुरू करना चाहता हूं। यह दार्जिलिंग और गोरखाओं के लोगों के हित में होगा।
अनिल थापा से बिनय तमांग के रिश्ते नहीं थे अच्छे
आपको बता दें कि बिनय तमांग को लेकर सियासी गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कहा जा रहा है कि बिनय तमांग तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। हालांकि इसको लेकर अभी सिर्फ अटकलें हैं, लेकिन उनके इस्तीफे से पहाड़ी राजनीति में एक नया मोड़ आ गया है। वहीं अगर बात करें बिनय तमांग के इस्तीफे की वजह की तो ये किसी से नहीं छिपा है कि उनके पार्टी महासचिव अनिल थापा से संबंध अच्छे नहीं थे।












Click it and Unblock the Notifications