Durga Puja 2021: कोलकाता में 'बुर्ज खलीफा' का Video देखिए, जानिए किसे हो रही है परेशानी
कोलकाता, 12 अक्टूबर: कोलकाता में दुबई की गगनचुंबी इमारत बुर्ज खलीफा की थीम पर दुर्गा पुजा का एक भव्य पंडाल बनाया गया है, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की जबर्दस्त भीड़ उमड़ रही है। जो भी इस पंडाल के बारे में सुन रहा है वह इस ओर आए बिना नहीं रुक पा रहा है। आयोजकों ने इस पंडाल में ऐसे लेजर लाइट्स लगवाए हैं कि उससे कोलकाता में ही थोड़ी देर के लिए दुबई की झलक महसूस हो रही है। लेकिन, पंडाल में जिस तरह से लोगों की भीड़ उमड़ रही है, उससे कोविड-19 प्रोटोकॉल की धज्जियां तो उड़ ही रही हैं एक और बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। (वीडियो खबर के अंत में है)
Recommended Video

कोलकाता में 'बुर्ज खलीफा' देखने वालों की उमड़ी भीड़
कोलकाता में दुर्गा पूजा महोत्सव में इस बार श्रीभूमि पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह पंडाल दुबई की बहुचर्चित गगनचुंबी इमारत बुर्ज खलीफा की थीम पर बनाया गया है। यह पंडाल 145 फीट ऊंचा है और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत का दीदार कोलकाता वालों को करा रहा है। इस भव्य पंडाल को लगभग 6,000 एक्रिलिक शीट का उपयोग करके तैयार किया गया। वीडियो में दिख रहा है कि कोलकाता में बुर्ज खलीफा की एक झलक पाने के लिए किस तरह से लोगों की भीड़ उमड़ रही है। हजारों श्रद्धालुओं को संभालना सुरक्षाकर्मयों के लिए भी चुनौती बनी हुई है। जिस इलाके में यह पंडाल बनाया गया है, वहां बार-बार ट्रैफिक जाम हो रही है। इस पंडाल को 250 कारीगरों ने दिनरात मेहनत करके तैयार किया है।

भीड़ से उड़ रही है कोविड गाइडलाइंस की धज्जियां
हालांकि, जिस तरह से आयोजकों ने दावा किया था कि पंडाल के आसपास कोविड गाइडलाइंस का पालन किया जाएगा, वीडियो इसके ठीक उलट है। जबकि कलकत्ता हाई कोर्ट ने शर्तों के आधार पर ही लोगों को दुर्गा पूजा समारोहों में शामिल होने की इजाजत दी है। पहले अदालत ने राज्य सरकार के कदम पर रोक लगाई थी। लेकिन, बाद में अदालत ने कहा कि कार्यक्रम में भाग लेने वालों को कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक लगी होनी जरूरी है। लेकिन, मौजूदा वीडियो में जो स्थिति नजर आ रही है, उससे ये कहना मुश्किल है कि इन निर्देशों का कितना पालन हो रहा है।

पायलटों को उड़ान में दिक्कत की शिकायत
उधर, इस विशाल पूजा पंडाल में लगाई गई लेजर लाइट्स के खिलाफ तीन अलग-अलग फ्लाइट्स के पायलटों की ओर से उड़ान में दिक्कत महसूस होने की शिकायत कोलकाता एटीसी कोकिए जाने की खबरें हैं। जानकारी के मुताबिक इस संबंध में एटीसी कोलकाता एयरपोर्ट अथॉरिटी को पहले ही सूचना दे चुका है। उधर एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक पायलटों की शिकायत पर इस पंडाल में लेजर लाइट शो का संचालन बंद कर दिया गया है।
लेजर लाइट बंद की गई
हालांकि, न्यूज एजेंसी एएनआई ने शाम 7.37 बजे जो वीडियो डाला है उसमें लेजर शो चलता हुआ दिख रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि पंडाल का रंग लाल से ब्लू और फिर पीले रंग में तब्दील हो रहा है। दिखने में यह पंडाल बिल्कुल 829 मीटर ऊंचे बुर्ज खलीफा की तरह ही नजर आ रहा है। उधर एनडीटीवी ने कोलकाता इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सूत्रों के हवाले से कहा है कि उन्हें इसके बारे में किसी आधिकारिक शिकायत की जानकारी नहीं है। उधर इस पूजा के आयोजक श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब ने किसी भी तरह की शिकायत से इनकार किया है और कहा है कि उन्होंने ज्यादा भीड़ को रोकने के लिए लेजर लाइट्स बंद किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications