'दंगा नहीं होगा बर्दाश्त, मैंने पहले ही दी थी चेतावनी', हावड़ा हिंसा पर बोलीं CM ममता
हावड़ा में रामनवमी के मौके पर निकली शोभायात्रा पर पथराव के बाद कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना पर सीएम ममता बनर्जी ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रामनवमी के मौके पर निकली शोभायात्रा में दो समुदायों के सदस्यों के बीच झड़प हो गई। घटना के दौरान उपद्रवियों द्वारा आग लगाए गए वाहनों को जलते देखा जा सकता है। हावड़ा में हुई इस हिंसा को लेकर भाजपा ने टीएमसी सरकार पर हिंदुओं की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया। हालांकि सीएम ममता बनर्जी ने उपद्रवियों को खिलाफ सख्त एक्शन की बात कही। उन्होंने घटना को लेकर एक बयान में लोगों को भरोसा दिलाया कि दंगों की साजिश में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
हावड़ा हिंसा को लेकर सीएम ममता बनर्जी ने कहा, "जो दंगे या फिर हमलों में शामिल हैं, हम कोई बहाना नहीं सुनेंगे। मैं पुलिस से उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहूंगी, जिन्होंने उन्हें (शोभायात्रा में शामिल लोग) क्षेत्र में प्रवेश करने दिया।" सीएम ने उपद्रवितयों की खिंचाई करते हुए कहा, "तुम्हें अपने जुलूसों में तलवारें ले जाने का अधिकार और अनुमति किसने दी? मैंने हावड़ा में सुना कि उन्होंने रैली में बुलडोजर का इस्तेमाल किया। क्या दुस्साहस! तुमने रास्ता क्यों बदल लिया? जानबूझकर किसी समुदाय को नुकसान पहुँचाना? जनता की अदालत में कुछ नहीं टिकेगा। कोई गलत या साजिश नहीं चलेगी।"
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में गुरुवार को रामनवमी शोभायात्रा पर एक समुदाय विशेष की ओर से जमकर पत्थरबाजी की गई। रैली हावड़ा के सांकराइल जिले में निकाली गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक राम नवमी के जुलूस के दौरान कई लोग हथियारों से लैस थे। यह रैली हावड़ा के सांकराइल जिले में निकाली गई थी जहां राम नवमी के जुलूस के दौरान कई लोग हथियारों से लैस थे।
इस बीच पुलिस से झड़प हुई और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं पश्चिम बंगाल में बृहस्पतिवार को एक और ऐसी गी झड़प की घटना हुई। शिबपुर में रामनवमी के जुलूस के दौरान कई वाहनों में आग लगा दी गई।
इन घटनाओं को लेकर सीएम ममता बनर्जी ने कहा मुस्लिम बहुल इलाकों से जुलूस निकालने के बारे में दक्षिणपंथी संगठनों को आगाह किया था। सीएम ने कहा, "मैंने पहले भी कहा है कि अगर आप रामनवमी की रैली निकालते हैं तो हिंसा हो सकती है। यह वह समय है जब मुसलमान रमजान मनाते हैं और किसी गलत काम में शामिल नहीं हो सकते। मैंने सुना है कि हावड़ा में दंगा हुआ था।" सीएम ने आगे कहा, "आपको रैली निकालने से किसी ने नहीं रोका। मैंने सुना है कि उन्होंने हावड़ा में कुछ किया है। मैं उन्हें मुंहतोड़ जवाब दूंगी। स्वेच्छा से वे एक समुदाय को वंचित कर रहे हैं। आज जो भी दंगे कर रहे हैं उन्हें ध्यान से सुनने की जरूरत है, वे बख्शे नहीं जाएंगे।"
बीजेपी ने लगाए आरोप
भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने टीएमसी सरकार पर हिंदू भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। उन्होने कहा, "हिंदू भावनाओं की अवहेलना करते हुए ममता बनर्जी ने रामनवमी पर फिर हिंदुओं को मुस्लिम क्षेत्रों से बचने की चेतावनी दी। क्योंकि यह रमजान था। लेकिन वे भूल गईं कि हिंदू भी नवरात्र का व्रत कर रहे थे। हावड़ा हिंसा के लिए वे सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं।" वहीं बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंधु अधिकारी ने इसे राज्य के प्रशासन और कानून-व्यवस्था की विफलता बताया।












Click it and Unblock the Notifications