'ममता बनर्जी किम जोंग की तरह', सुवेंदु अधिकारी का दावा- TMC के गुंडों ने डाले 10-10 वोट
कोलकाता, 19 दिसंबर: पश्चिम बंगाल की कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के सभी 144 वार्डों में कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार को मतदान किया गया। मतदान पूरा होने के बाद पश्चिम बंगाल राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि कुछ छिटपुट और मामूली घटनाओं के अलावा मतदान शांतिपूर्ण रहा। इस बीच बीजेपी ने केएमसी चुनाव को अमान्य घोषित करने की मांग की है। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल से भी मुलाकात कर टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि 'टीएमसी के एक-एक गुंडे ने 8 से 10 वोट डाले हैं। चुनाव अमान्य किया जाए, हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं। हम कोर्ट में सबूत जमा करने के लिए तैयार हैं।' उन्होंने कहा कि सीएम ममता बनर्जी ने कोलकाता पुलिस को निहत्थे रहने और टीएमसी के गुंडों की सुरक्षा करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने हमारे 50 प्रतिशत वोटिंग एजेंटों को रोक दिया। केवल 20 फीसदी मतदान सही था। 40% मतदाताओं के साथ धांधली हुई और प्रत्येक टीएमसी के गुंडे ने 8 से 10 वोट डाले।
कोलकाता नगर निगम चुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मिलने के बाद विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस टीएमसी की कैडर है। पुलिस को ममता बनर्जी का निर्देश था कि खाली हाथ रहो और टीएमसी के गुंडों का संरक्षण करो। 30-40 प्रतिशत बाहर के वोटर लेकर मतदान हुआ है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि हम मांग करते हैं कि इस चुनाव को शून्य घोषित किया जाए। हम 23 दिसंबर को अदालत की सुनवाई में सबूत और वीडियो क्लिप जमा करने के लिए तैयार हैं।
यहीं नहीं अधिकारी ने ममता बनर्जी की तुलना किम जोंग से करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है...ममता बनर्जी उत्तर कोरिया के किम जोंग उन की तरह हैं। यह चुनाव रद्द किया जाना चाहिए। हमारे पास फर्जी वोटिंग के दस्तावेज हैं। आपको बता दें सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाला भाजपा प्रतिनिधिमंडल कोलकाता नगर निगम चुनावों में बम फेंके जाने, सीसीटीवी क्षतिग्रस्त होने और भाजपा बूथ एजेंटों को कथित तौर पर पीटे जाने के बाद राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मिलने राजभवन पहुंचे थे।












Click it and Unblock the Notifications