बंगाल में घुसपैठियों की भरमार? शुभेंदु अधिकारी ने की SIR की मांग, बताया एक करोड़ रोहिंग्या-बांग्लादेशी वोटर
भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा (West Bengal Assembly) में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने रविवार को बिहार की तरह मतदाता सूची के स्पेशल इन्टेन्सिव रिवीजन (SIR) की मांग की। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में एक करोड़ रोहिंग्या प्रवासी और बांग्लादेशी मुस्लिम मतदाता हैं।
अधिकारी ने यह बयान हावड़ा में कन्या सुरक्षा यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चलते हुए दिया। उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल में लगभग एक करोड़ रोहिंग्या प्रवासी, बांग्लादेशी मुस्लिम मतदाता, मृत मतदाता, डुप्लिकेट प्रविष्टियां और फर्जी मतदाता हैं। भारत के चुनाव आयोग को मतदाता सूची की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए इन नामों को हटाना चाहिए।'

बिहार में एसआईआर
चुनाव आयोग ने बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया था। अंतिम मसौदे में मतदाता सूची से लगभग 65 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए थे। चुनाव निकाय के अनुसार, 24 जून, 2025 तक राज्य में मतदाताओं की संख्या 7.89 करोड़ थी, लेकिन उसे 7.24 करोड़ गणना फॉर्म (EF) प्राप्त हुए हैं।
बिहार में SIR के खिलाफ विपक्ष ने जमकर किया विरोध
इस कवायद पर भारी विरोध हुआ क्योंकि विपक्ष ने आरोप लगाया कि यह भाजपा के इशारे पर चुनिंदा तरीके से किया गया है। बिहार विधानसभा और संसद में तीखा विरोध प्रदर्शन हो रहा है। बिहार एसआईआर के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में कई याचिकाएं भी दायर की गई हैं।
शुभेंदु अधिकारी की कन्या सुरक्षा यात्रा
शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर कन्या सुरक्षा यात्रा निकाल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने ममता के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर घुसपैठियों के प्रवेश को सुगम बनाने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, 'अगर आप उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद, बीरभूम और मालदा के कुछ हिस्सों में घूमेंगे, तो राज्य के विशाल इलाकों में तेज़ी से हो रहे जनसांख्यिकीय बदलाव को देखकर दंग रह जाएंगे। अगर हम अभी कार्रवाई नहीं करते हैं, तो राज्य का नाम बदलकर पश्चिमी बांग्लादेश करना पड़ेगा। भाजपा ऐसा नहीं होने देगी।'












Click it and Unblock the Notifications