जया बच्चन बीजेपी के खिलाफ बोल सकती हैं, लेकिन मेरे खिलाफ कभी नहीं: बाबुल सुप्रियो
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में दो चरणों के लिए वोटिंग पूरी हो चुकी है। ऐसे में 6 अप्रैल को तीसरे चरण के तहत मतदान किया जाएगा। इससे पहले आज सोमवार को समाजवादी पार्टी की नेता और बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा जया बच्चन ने पश्चिम बंगाल में टीएमसी उम्मीदवार के समर्थन में रोड शो किया। वहीं जया बच्चन के रोड शो से पहले केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने भी उन्हें लेकर बड़ा बयान दिया।

केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने सोमवार को कहा कि सपा सांसद जया बच्चन, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में टीएमसी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने आई हैं। वो भाजपा के खिलाफ बोल सकती हैं, लेकिन उनके खिलाफ कभी कुछ नहीं कहेंगी। आज मीडिया से बात करते हुए बाबुल सुप्रियो ने कहा कि टीएमसी उम्मीदवार अरूप विश्वास के बारे में जया जी को पता होता तो वे किसी भी हालत में उनके लिए प्रचार नहीं करतीं। TMC को जिताने को वे कहेंगी और BJP के खिलाफ बोलेंगी, लेकिन मैं यकीन के साथ कहता हूं मेरे खिलाफ कुछ नहीं बोलेंगी।
दरअसल, बीजेपी ने टीएमसी प्रत्याशी अरूप विश्वास के खिलाफ सांसद बाबुल सुप्रियो को टॉलीगंज विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है। वहीं इधर, रोड शो के बाद मीडिया से बात करते हुए जया बच्चन ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए उनके मन में अत्यंत प्रेम और सम्मान हैं। वे अकेले ही सभी अत्याचारों के खिलाफ जमकर लड़ रही हैं। मेरी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने मुझे पश्चिम बंगाल जाने और ममता बनर्जी का सहयोग करने के लिए कहा है। टीएमसी के सूत्रों के अनुसार जया बच्चन टीएमपी पार्टी के उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार के लिए 5 अप्रैल से 8 अप्रैल तक पश्चिम बंगाल में ही रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications