Mukhtar Ansari को सजा सुनाए जाने के बाद BJP पर क्यों भड़के अजय राय, बोले- लगातार बढ़ता जा रहा खतरा
अवधेश राय हत्याकांड के मामले में Mukhtar अंसारी को वाराणसी की एमपी एमएलए कोर्ट ने सोमवार दोपहर उम्रकैद की सजा सुनाई है। भाई की हत्या के मामले में न्याय मिलने के बाद भी भारतीय जनता पार्टी को अजय राय ने निशाना साधा।

Mukhtar Ansari को 32 साल पहले लहुराबीर इलाके में हुई अवधेश राय की हत्या के मामले में वाराणसी की एमपी एमएलए कोर्ट ने सोमवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सजा सुनाए जाने के बाद मृतक अवधेश राय के भाई अजय राय व उनका परिवार बेहद खुश है।
अजय राय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह 32 साल की लड़ाई जो हमने अपने साथियों परिवार और वकील सभी लोगों ने मिलकर लड़ी उसमें बाबा विश्वनाथ की कृपा से आज हम लोगों को विजय मिली है। दुर्दांत अपराधी को माननीय न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।
उन्होंने आगे कहा कि न्याय की जिस लड़ाई को हम 32 साल से लड़ रहे थे, उसमें आज फैसला आ गया है। ऐसे में आप समझ सकते हैं कि सिर्फ मैं ही नहीं बल्कि मेरा पूरा परिवार और मेरी भतीजी, हर कोई न्यायपालिका का शुक्रगुजार है और धन्यवाद देता है।
उन्होंने कहा कि अदालत में दिए गए सबूतों और गवाहों के बयान के आधार पर उन्हें पूरा विश्वास था कि दोषी को न्यायपालिका द्वारा अधिकतम सजा दी जाएगी। और निश्चित रूप से दोषी को आज न्यायपालिका द्वारा कठोर सजा दी गई। न्यायपालिका द्वारा जो निर्णय दिया गया हम उसका स्वागत करते हैं।
वहीं पत्रकारों द्वारा पूछा गया कि क्या पूर्वांचल माफिया मुक्त होगा? जिस पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि लड़ाई लड़ने वाला चाहिए। जो लड़ता रहेगा, माफियाओं के सामने खड़ा रहेगा। निश्चित तौर पर उसकी जीत होगी। उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी सरकार रही हो हम 32 साल से लड़ाई लड़ रहे हैं।
इसलिए भाजपा सरकार पर भड़के अजय राय: मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर पहले से ही खतरा है और खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। लेकिन सरकार मेरी सुरक्षा व्यवस्था के लिए केवल दो तीन गनर दे रखा है।
उन्होंने कहा कि मैं लगातार सरकार से मांग करता रहा हूं कि मेरी सुरक्षा बढ़ाई जाए, लेकिन सुरक्षा नहीं बढ़ाई जा रही है। ऐसे में अगर मुझे कुछ होता है तो इसके लिए पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी सरकार उसकी जिम्मेदार होगी। सरकार को यह तय करना चाहिए कि जो व्यक्ति लड़कर खड़ा है, उसकी और उसके परिवार की सुरक्षा की जानी चाहिए।
वहीं उन्होंने कहा कि अब यह लड़ाई सुप्रीम कोर्ट पहुंचेगी तो वहां भी हम लोग जाने के लिए तैयार हैं। जो आदमी 32 साल तक लड़ाई लड़ सकता है और इंतजार कर सकता है वह सुप्रीम कोर्ट जाने से भी पीछे नहीं हटेगा।












Click it and Unblock the Notifications