वाराणसी में खटारा स्कूल बस का Viral Video देख अधिकारी भी रह गए हैरान, की गई सीज
वाराणसी जिले में स्कूली बच्चों की जान खतरे में डालकर उन्हें खटारा बस में बैठा कर स्कूल ले जाने का एक वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो वायरल होने के बस को तत्काल सीज कर दिया गया।

वाराणसी जिले से एक निजी स्कूल के खटारा बस का Video शुक्रवार को सुबह में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बस में न तो स्टीयरिंग सही है और ना ही बैक लाइट या फ्रंट लाइट है। इसके अलावा बस के अगले हिस्से में शीशा भी नहीं है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले के आला अधिकारियों द्वारा मामले को संज्ञान में लेते हुए शिक्षा विभाग और आरटीओ के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देश दिया गया। शुक्रवार शाम को स्कूल में पहुंचे अधिकारियों ने बस कोशिश कर दिया।
वहीं बस को सीज किए जाने के बाद शिकायत कर्ताओं द्वारा अब स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक भी डरे सहमें नजर आ रहे हैं।
दरअसल, यह पूरा मामला वाराणसी जिले के पिंडरा तहसील क्षेत्र के कैथौली में स्थित त्रिपदा पब्लिक स्कूल का है। बताया जा रहा है कि स्कूल की बस शुक्रवार को बच्चों को स्कूल लाने के लिए गई थी। बस का अगला शीशा ना होने के चलते किसी व्यक्ति ने उसे रास्ते में रोक लिया।
स्कूल बस को रोकने के बाद उस व्यक्ति द्वारा इसका वीडियो बनाया गया। वीडियो बनाने वाले ने आगे का टूटा हुआ शीशा, गायब हो चुकी फ्रंट लाइट, टूटी हुई स्टीयरिंग, गायब बैक लाइट और नंबर प्लेट के साथ ही बस के अंदर का भी वीडियो बनाया।
बस के अंदर का वीडियो देखने पर पता चलता है कि बस में स्कूली बच्चों को बैठने के लिए लगाई गई सीटें भी टूटी हुई हैं। स्कूल बस में उस समय बच्चे भी सवार थे। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति द्वारा इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद त्रिपदा पब्लिक स्कूल के प्रबंधक कन्हैया लाल द्वारा तुरंत एक वीडियो जारी किया गया। इसमें उन्होंने बताया कि स्कूल की अन्य बसों को नगर निकाय चुनाव के लिए भेजा गया है। बस ना होने के चलते चालक द्वारा कारखाने में खड़ी बस में ही बच्चों को लाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की जिम्मेदारी मेरी है और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी मैं लेता हूं। फिलहाल इसका वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी वाराणसी एस. राजलिंगम द्वारा तत्काल शिक्षा विभाग और आरटीओ के अधिकारियों को निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर बस सीज कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications