Varanasi: वॉटर टैक्सी के खिलाफ लामबंद हुआ नाविक समाज, नावों का घेरा बनाकर रोका अलकनंदा क्रूज का रास्ता
UP Varanasi News: वाराणसी में गंगा नदी में जल टैक्सी चलाई जाएंगी। वाटर टैक्सी के खिलाफ नाविक समाज लामबंद हो गया है। गुस्साए नाविकों ने काशी में गंगा में चल रहे अलकनंदा क्रूज को नाव का घेरा बनाकर रोक दिया।
UP Varanasi News: वाराणसी में गंगा नदी में वाटर टैक्सी चलाई जानी है जिसका नाविक समाज द्वारा विरोध किया जा रहा है। नाविक समाज का कहना है कि गंगा नदी में वाटर टैक्सी जलाए जाने से उनकी रोजी-रोटी समाप्त हो जाएगी और परिवार भुखमरी के कगार पर आ जाएगा।
वाटर टैक्सी के विरोध में बीते 7 जुलाई से वाराणसी में गंगा नदी में नाव चलाने वाले नाविक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मामले को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी समेत अन्य आला अधिकारियों और नाविकों के प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक हुई।

बैठक के बाद दोनों पक्षों में सहमति नहीं बन पाई उसके बाद नाविक वहां से निकल गए तथा अपनी नौकाओं को लेकर वाराणसी के रविदास घाट पर पहुंचे। रविदास घाट पर गंगा नदी में खड़े अलकनंदा क्रूज के किनारे गंगा नदी में नाविकों ने अपनी नौकाओं से घेरा बना दिया।
अलकनंदा क्रूज का रास्ता नौकाओं द्वारा रोके जाने के कारण मंगलवार को अलकनंदा क्रूज का संचालन नहीं हो पाया और क्रूज की बुकिंग कराने वाले पर्यटकों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। विरोध प्रदर्शन के दौरान नाविकों द्वारा हर हर महादेव के नारे लगाए जा रहे थे।
अलकनंदा क्रूज के संचालक जयंत मालवीय द्वारा मीडिया को बताया गया कि नाविकों द्वारा मंगलवार को गंगा नदी में नाव लगाकर अलकनंदा क्रूज का रास्ता रोक दिया गया, जिसके चलते क्रूज का संचालन नहीं हो पाया। उन्होंने यह भी कहा कि दोपहर 2 बजे ढाई सौ लोगों ने क्रूज की बुकिंग कराई थी।
फिलहाल इस मामले का हल निकालने के लिए जिला प्रशासन लगातार नाविक समाज के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत कर रहा है लेकिन गंगा में नाव चलाने वाले नाविक अपनी मांगों पर अड़े हैं। नाविकों का कहना है कि यदि उनकी बात नहीं मानी जाती है तो वे आंदोलन भी करेंगे।
इस मामले को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा ट्वीट करते हुए लिखा गया कि "काशी में मछुआ-निषाद-कश्यप समाज के लोगों ने अपनी परम्परागत आजीविका पर भाजपा सरकार द्वारा हमला करने के विरोध में 'नाव-घेरा' बनाकर क्रूज़ का मार्ग रोका और सीधा-सीधा ये संदेश दे दिया कि अगले चुनाव में ये समुदाय भाजपा को नदी पार नहीं करने देगा।"












Click it and Unblock the Notifications