Varanasi News: जबरन धर्म परिवर्तन और बेटी से निकाह की कोशिश, महिला की शिकायत पर कथित पीर बाबा गिरफ्तार
Varanasi News: वाराणसी के सिगरा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिगरा के जयप्रकाश नगर कॉलोनी की एक महिला ने आरोप लगाया है कि इलाके में रहने वाला कथित बाबा, डॉक्टर नईम कादरी उर्फ पीर बाबा, लंबे समय से उसके परिवार को धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
महिला का कहना है कि बाबा का उसके घर आना-जाना वर्षों से था, लेकिन बीते कुछ महीनों से वह उनके बच्चों को इस्लाम धर्म अपनाने और बेटी का निकाह कराने के लिए दबाव बनाने लगा था। महिला का आरोप है कि बाबा ने उनके पति से भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बुधवार रात आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद से इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
10 साल पुरानी जान-पहचान अब विवाद की जड़
बताया जा रहा है कि कथित बाबा राहत दवाखाना चलाता है और पीड़िता का परिवार एक दशक पहले उसके संपर्क में आया था। उस समय महिला दवा लेने गई थी। वहां से जान पहचान होने के बाद बाबा उसके घर आने जाने लगा और फिर अक्सर आता था।
पीड़िता के अनुसार, 27 जुलाई को बाबा उनके घर आया और उनके परिवार पर शारीरिक और मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया। उसने बेटी के निकाह के लिए दबाव बनाने के साथ ही बेटे के धर्म परिवर्तन की भी बात की। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो उसने धमकियां देनी शुरू कर दीं।
धमकियों से डरा परिवार, पुलिस से मांगी मदद
बाबा की लगातार धमकियों और दबाव के चलते महिला ने आखिरकार हिम्मत जुटाकर सिगरा थाने में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बाबा को बुधवार की रात ही हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी।
इस बारे में बात करने पर एसीपी भेलूपुर डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जबरन धर्म परिवर्तन, धमकी और मारपीट जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि यदि जांच में और लोगों की भूमिका या पीड़ित सामने आते हैं, तो सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य कोणों से भी इस पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि आगे किसी को इस तरह की स्थिति से न गुजरना पड़े।












Click it and Unblock the Notifications