कोरोना वायरस वैक्सीन का वाराणसी में शुरू हुआ संकट, समय से पहले केंद्रों पर हुई खत्म
कोरोना वायरस वैक्सीन का वाराणसी में शुरू हुआ संकट, समय से पहले केंद्रों पर हुई खत्म
वाराणसी। खबर उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से है। यहां बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच केंद्रों पर कोविड वैक्सीन की किल्लत शुरू हो गई है। अगर जल्दी ही कोरोना वैक्सीन नहीं मिली तो टीकाकरण कार्यक्रम अगले तीन दिनों तक बाधित हो सकता है। वाराणसी जिले के जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने बताया कि दूसरे डोज के लिए वैक्सीन उपलब्ध है। इसलिए इन लोगों का टीकाकरण जारी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि अगले दो से तीन दिन के अंदर वैक्सीन की खेप लखनऊ से आ जाएगी।

Recommended Video
दरअसल, वाराणसी जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीएचयू, जिला महिला अस्पताल, ईएसआईसी पांडेयपुर समेत शहरी, ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों को मिलाकर 50 से अधिक जगह टीकाकरण किया जा रहा है। तो वहीं, पिछले दिनों सरकार ने एक अप्रैल से 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों के टीकाकरण का आदेश जारी किया है। उसके बाद से केंद्रों पर भीड़ उमड़ रही है, जिसके चलते वैक्सीन की किल्लत शुरू हो गई है। बुधवार को शहर के कई पीएचसी, सीएचसी और अस्पतालों में टीका नहीं लग सका।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, स्टॉक में महज 499 वॉयल वैक्सीन शेष है। इससे सिर्फ 4990 लोगों का टीकाकरण किया जा सकता है। स्थिति यह है कि चौकाघाट स्थित जनपदीय वैक्सीन एवं लॉजिस्टिक भंडार एक दम खाली हो गया है। यहां पर एक डोज भी वैक्सीन नहीं है। वहीं कोल्ड चेन प्वाइंट पर बची वैक्सीन के सहारे ही जिले में टीकाकरण हो रहा है। अगर गुरुवार तक वैक्सीन नहीं आई तो शुक्रवार को टीकाकरण बंद हो सकता है।
नहीं आई वैक्सीन तो बंद हो जाएगा टीकाकरण
तो वहीं, गुरुवार तक जिले में वैक्सीन नहीं आई तो टीकाकरण कराना मुश्किल हो जाएगा। देर शाम तक स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीकाकरण के लिए शासन स्तर पर बातचीत चलती रही, लेकिन रात आठ बजे तक वैक्सीन नहीं आ पाई थी। इस बारे में सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह का कहना है कि वैक्सीन का संकट तो है लेकिन अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। गुरुवार को कुछ चुनिंदा केंद्रों पर ही टीकाकरण किया जाएगा। वैक्सीन कब तक आ जाएगी, कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। इस बारे में शासन को अवगत कराया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications