Varanasi News: बारात में शामिल कारों में लगी आग, देखते ही देखते चार कारें कबाड़ में हो गईं तब्दील
Varanasi News: वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बारात में आई कारों में आग लग गई। बारात में शामिल लोगों के साथ ही आसपास के लोग जबतक आग पर काबू पाते तब तक कारे जलकर कबाड़े में तब्दील हो गईं थी।
स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को भी आग लगने की सूचना दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस चालकों से पूछताछ कर लौट गयी। बारात में शामिल लोगों ने आशंका जताई कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी।

रामनगर के सरैया से आई थी बारात
बताया जा रहा है कि आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया इलाके के रहने वाले हफिजुर्रहमान के बेटी की शादी रामनगर थाना क्षेत्र के सरैया निवासी एक युवक के साथ तय थी। बुधवार को सरैया से बारात आदमपुर आई थी।
बारात में शामिल वाहनों को लाट भैरव चौकी के समीप स्थित आम के एक बाग में खड़ा किया गया था। बताया जा रहा है कि वाहनों को खड़ा करने के बाद बरात में शामिल लोग लड़की के घर विवाह की रश्म देखने और दावत खाने चले गए थे।
इसी दौरान दोपहर में कार में आग लग गई। आसपास के लोगों ने बारात में शामिल लोगों को इसके बारे में जानकारी दी। उसके बाद लोग भागते-दौड़ते आम के बाग के पास पहुंचे। लोग जबतक आग पर काबू पाते तबतक आग अन्य कारों में भी पकड़ ली।
आग की लपटें इतनी तेज थीं की वहां मौजूद कोई भी शख्स आग बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। आग लगने के चलते देखते ही देखते वहां मौजूद तीन स्कार्पियो और एक इंडिका कार में आग लग गई और चारों कारें जलकर कबाड़ हो गईं।
आसपास के लोगों ने बताया कि जिस समय कार में आग लगी थी उस समय कार में कोई मौजूद नहीं था वरना बडा हादसा हो सकता था। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर वापस लौट गई।












Click it and Unblock the Notifications