Varanasi News: नंदघर के बच्चों ने PM को सुनाई कविता, सवाल पूछने पर दिए ऐसे जवाब, पीएम भी हुए खुश, देखें Video
Varanasi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वाराणसी के कटिंग मेमोरियल विद्यालय में विकसित भारत संकल्प यात्रा की प्रदर्शनी देखने पहुंचे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने आयुष्मान योजना के लाभार्थियों से बातचीत की। कटिंग मेमोरियल स्कूल के मैदान का दौरा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां लगे स्टॉलों को देखा और वहां मौजूद लोगों से उनके उत्पादों के बारे में जानकारी भी ली।
विकसित भारत संकल्प यात्रा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के सभी लोग विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं, तो मेरा भी फर्ज बनता है कि मैं इसमें हिस्सा लूं। तो मैं भी आपकी सेवा के रूप में आपके संसद के रूप में आज आया हूं। सरकार जो योजना बनाती है, इसके बारे में बनती है, वह योजना बिना परेशानी की उसके पास तक पहुंचे। योजना के लिए उसे सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है।

इसके अलावा कटिंग मेमोरियल ग्राउंड में ही नंदघर में मासूम बच्चों से भी प्रधानमंत्री ने मुलाकात किया। इस दौरान मासूम बच्चों ने प्रधानमंत्री को कविता सुनाई तथा प्रधानमंत्री द्वारा नंदघर के दीवार पर बनाई गई पेंटिंग में अलग-अलग बॉडी पार्ट्स और फल तथा सामानों के बारे में भी बच्चों से पूछताछ की गई। पीएम द्वारा किए गए सवाल का बच्चों ने पल भर में जवाब दिया।
बच्चों द्वारा तुरंत जवाब देने तथा बच्चों की कविता सुनकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काफी खुश नजर आए। वाराणसी की कटिंग मेमोरियल में विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदर्शनी को देखने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रस्थान कर गए।
नमो घाट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा काशी तमिल संगमम 2.0 का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा यहीं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कन्याकुमारी से वाराणसी के बीच ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। नमो घाट से प्रस्थान करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के अलग-अलग स्थानों पर भ्रमण भी कर सकते हैं।
ऐसे में वाराणसी शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोदौलिया, दशाश्वमेघ घाट और कैंट रेलवे स्टेशन तथा बनारस रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सकते हैं। भ्रमण और निरीक्षण करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बरेका गेस्ट हाउस पहुंचेंगे।
देखें Video-
बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर सकते हैं। अगले दिन पीएम वाराणसी के चौबेपुर इलाके में स्थित स्वर्वेद मंदिर का शुभारंभ करेंगे और वाराणसी के सेवापुरी विधानसभा अंतर्गत बरकी गांव में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications