Varanasi News: निकाली गई बछड़े की शव यात्रा, मौत के बाद गमगीन दिखा पशुपालक का परिवार, कही बड़ी बात
Varanasi News: किसी इंसान का निधन हो जाने के बाद उसके परिजनों द्वारा शवयात्रा निकाली जाती है और उसका अंतिम संस्कार किया जाता है। लेकिन क्या आपने सोचा है कि कभी किसी शख्स को पशुओं से परिवार जैसा लगाव हो जाए।
पशुओं से लगाव हो जाने के बाद जब उसकी मौत हो तो उसकी शवयात्रा निकाली जाए तथा इंसानों की तरह उसका भी अंतिम संस्कार किया जाए। ऐसा ही एक मामला वाराणसी से सामने आया है जिसमें एक शख्स ने अपने बछड़े का अंतिम संस्कार किया है।

यह पूरा मामला वाराणसी जनपद के सेवापुरी ब्लॉक अंतर्गत इशरवार गांव का है। गांव के रहने वाले पूर्व प्रधान श्याम सुंदर यादव द्वारा शुक्रवार की देर रात बछड़े की मौत हो जाने के बाद उसकी शव यात्रा निकाली गई और परिवार के सदस्य की तरह उसका अंतिम संस्कार किया।
इस शव यात्रा में अकेले श्यामसुंदर यादव ही नहीं बल्कि उनके पड़ोस के लोग भी शामिल हुए और ढोल नगाड़ों के साथ बछड़े की शवयात्रा निकालते हुए लोग सिवान में ले गए और फिर जेसीबी से गड्ढा खुदवा कर उसे दफन कराया गया।
पूर्व ग्राम प्रधान द्वारा ऐसा किए जाने को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा चल रही है। इस बारे में बातचीत करने पर श्याम सुंदर यादव द्वारा बताया गया कि उनके पशुओं से काफी लगाव है। उन्होंने बताया कि वे गाय पाल रखे हैं और उनकी गाय ने कुछ दिन पहले एक बछड़े को जन्म दिया था।
बीते दिनों भीषण ठंड पड़ने के चलते बछड़ा बीमार हो गया उसके बाद श्याम सुंदर भी काफी परेशान हो गए। पशु डॉक्टर को बुलाकर श्याम सुंदर द्वारा बछड़े का उपचार कराया गया लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और शुक्रवार शाम को बछड़े की मौत हो गई।
श्याम सुंदर ने बताया कि ऐसे में उन्होंने गाय को अपने परिवार का सदस्य मानते हुए बछड़े का अंतिम संस्कार करने का मन बनाया। उसके बाद श्याम सुंदर द्वारा ढोल नगाड़े बजने वाले को बुलाया गया तथा पड़ोसियों को बुलाकर बछड़े की शवयात्रा निकाली गई। वहीं बछड़े की मौत हो जाने के बाद पशुपालक श्याम सुंदर यादव के परिवार का माहौल काफी गमगीन है।












Click it and Unblock the Notifications